- Hindi News
- National
- बाइक की डिक्की को पेचकश से लॉक तोड़ निकाल लेते थे रुपए, गिरोह के 2 सदस्य धराए
बाइक की डिक्की को पेचकश से लॉक तोड़ निकाल लेते थे रुपए, गिरोह के 2 सदस्य धराए
दोनों अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं, गुप्त सूचना पर पुलिस ने धर दबोचा
भास्कर न्यूज| चाईबासा
ट्रेन में बाइक लेकर अलग-अलग शहर पहुंचकर डिक्की से रुपए गायब करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गुप्त सूचना पर चाईबासा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पी. सोनू और राजा दास ओडिशा के अस्का थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके पास से नकद 1.13 लाख रुपए, चार मोबाइल और दो अपाचे बाइक बरामद की गई है। मंगलवार को सिटी एसपी प्रभात कुमार ने बताया- दोनों शातिर बदमाश है और अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं। गिरोह के सदस्य लोकल ट्रेन में बाइक चढ़ाकर अलग-अलग शहरों में जाते। वहां बैंकों के सामने रेकी करते। गिरोह के सदस्य बैंक से रुपए निकालकर डिक्की में रुपए रखने वाले को ही अपना शिकार बनाते थे। जब कोई व्यक्ति रुपए डिक्की में रखता तो बदमाश उसका पीछा करते। रास्ते में किसी स्थान पर रुकने पर बदमाश महज कुछ सेकेंड में स्क्रू ड्राइवर (पेचकश) से डिक्की का लॉक तोड़कर रुपए निकाल कर फरार हो जाते। गिरोह के सदस्यों द्वारा हाल में डिमना रोड में रिटायर बिजली कर्मी विनोद सिंह की बाइक की डिक्की से 80 हजार रुपए निकाल लिए थे, जबकि गोलमुरी में बारीडीह के उद्यमी की डिक्की से एक लाख रुपए चुराए थे। गिरोह में चार से पांच युवक हैं। फरार युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
नंबर प्लेट बदलकर वारदात को देते थे अंजाम
सिटी एसपी ने बताया- गिरोह के सदस्य बाइक चुराने के बाद नंबर प्लेट बदलकर उसका इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार युवकों के पास से ओडिशा व झारखंड के नंबर प्लेट मिले हैं। बरामद बाइक भी चोरी की है। सिटी एसपी के अनुसार, अस्का में अधिकतर युवक इसी तरह के धंधे में शामिल हैं। गिरोह के सदस्य मूल रूप से आंध्रप्रदेश के रहने वाले हैं, लेकिन कई साल से अस्का में बसे हुए हैं।