डॉक्टर ने बच्चे को किया रेफर, परिजन ले गए घर
चाईबासा| सदर अस्पताल में बेहतर चिकित्सा की सुविधा नहीं मिलने के कारण एक सप्ताह से सदर अस्पताल में भर्ती पिटाई से घायल बच्चे को परिजन घर वापस ले गए। घायल बच्चा लोदो उगुरसंडी को गत 9 अप्रैल के दिन सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले एक सप्ताह पूर्व 7 अप्रैल को गांव के ही नारंगा जारिका ने मोबाइल चोरी के संदेह में बच्चे को डंडे व छड़ से जमकर पिटाई की थी। बच्चे की इतनी पिटाई की गई कि घटना के बाद से बच्चे न बात कर रहा है न ही चल फिर रहा है। सदर अस्पताल में बच्चे को भर्ती किए जाने के बाद से बच्चे की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं आने की वजह से चिकित्सकों ने सदर अस्पताल से रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति अति दयनीय होने की वजह से परिजन जख्मी बच्चे को घर वापस ले गए। बच्चे की स्थिति काफी गंभीर है। इस संबंध में बच्चे के परिजनों ने मुफ्फसिल थाना में आरोपी के खिलाफ मारपीट का लिखित शिकायत दर्ज करायी है। लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।