जमीन लूटने की कोशिश कर रही रघुवर सरकार: विधायक
तांतनगर प्रखंड के तेंतेड़ा पंचायत में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक निरल पुरती ने कहा कि राज्य की सत्ता पर काबिज होकर भाजपा झारखंड में खनिज संपदा और जल जंगल जमीन की लूट की पृष्ठभूमि तैयार कर रही है। इसी कड़ी में रघुवर सरकार सीएनटी-एसपीटी एक्ट, भूमि अधिग्रहण कानून आदि में संशोधन कर नए-नए कानून थोपना चाहती है। लेकिन भाजपा और राज्य सरकार के इस साजिश को झामुमो कभी भी सफल होने नहीं देगा। आदिवासी एवं मूलवासियों तथा अल्पसंख्यकों के हितों को चोट पहुंचाने के किसी भी प्रयास का झामुमो कड़ा विरोध करेगा। जिला सचिव सोनाराम देवगम ने कहा कि रघुवर सरकार द्वारा लगातार पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में लागू संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमजोर औलर शिथिल करने का प्रयास किया जा रहा है। आदिवासियों के विकास के नाम पर आदिवासी विकास समिति ग्राम विकास समिति आदि का गठन कर रघुवर सरकार राज्य में ग्राम सभा, मुण्डा मानकी व्यवस्था सहित अन्य संवैधानिक व्यवस्थाओं के समानांतर नई व्यवस्था कायम करना चाहती है। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सिरका, जिप सदस्य शशिभूषण पिंगुवा, कुमारडुंगी प्रखंड प्रमुख मथुरा कोडांकेल और प्रखंड अध्यक्ष जवाहर बोयपाई ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
झामुमो के पंचायतस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित लोग।
झामुमो के पंचायतस्तरीय सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ता व ग्रामीण।