26 अप्रैल को रांची में रैली 32 जनजाति के लोग जुटेंगे
आदिवासी संघर्ष मोर्चा की बैठक महासभा भवन हरिगुटू में देवेन्द्र नाथ चंपिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में दीपक बिरुवा, जेबी तुबिद, अर्जुन मुंडा, बडकुंवर गागराई, मधु कोड़ा, गीता कोड़ा, मंगल सुरिन, जोबा मांझी, गुरुचरण नायक, गणेश महाली को कुड़मियों को आदिवासी बनाने के खिलाफ समाज की लड़ाई में साथ देने का अनुरोध किया गया था। अभी तक किसी भी नेता ने आदिवासी संघर्ष मोर्चा को अधिकृत रूप से लड़ाई में समर्थन देने संबंधी कोई जानकारी नहीं दी है। जिससे समाज में आक्रोश है। नेताओं के समर्थन नहीं देने की स्थिति में आगे के लिए राईट टू रिकॉल के तहत नेताओं को पदमुक्त करने, प्रखंड स्तर पर धरना प्रदर्शन कर इन नेताओं का भी पुतला आदि जलाने, ऐसे नेताओं को सामाजिक कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं करने, नेताओं द्वारा बुलाए गए बैठकों का बहिष्कार करने संबंधी विषयों पर चर्चा हुई। लेकिन इन नेताओं को कुछ और दिन अपना पक्ष रखने के लिए समय देने पर सहमति बनी। इस बीच 26 अप्रैल को रांची में 32 जनजातियों द्वारा आहूत रैली में भाग लेने का भी निर्णय लिया गया।