साइकिल सवार ग्रामीण की ट्रक के धक्के से हुई मौत
जमशेदपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर भादुड़ी के पास दस चक्का ट्रक (संख्या जेएच06एफ 1804) के धक्के से घायल गुनाबासा निवासी 60 वर्षीय साइकिल सवार मधुसूदन देवगम की मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। घटना दिन के करीब डेढ़ बजे की बताई जाती है। ट्रक चाईबासा का बताई जा रहा है। साइकिल सवार की मौत के बाद सदर अस्पताल में ट्रक मालिक और ग्रामीणों के बीच नोक झाेंक भी हुई, लेकिन आपसी समझौते के तहत ट्रक मालिक व बीडीओ सदर द्वारा अंतिम क्रियाकर्म के लिए 20-20 हजार की राशि प्रदान किए जाने के बाद मामला शांत हुआ। एक ओर जहां ट्रक मालिक साइकिल सवार की मौत का कारण हाई ब्लड प्रेशर बता रहा है, वहीं घटना के प्रत्यक्षदर्शिर्यों व ग्रामीणों ने मौत का कारण ट्रक से धक्का लगना बताया है। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद घायल साइकिल सवार को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया। इस घटना में साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक ने अपने मालिक को फोन पर घटना स्थल पर बुलाया। घटना स्थल पर ट्रक मालिक बाइक से पहुंचा और घायल साइकिल सवार को एक ग्रामीण युवक के सहयोग से बाइक पर सदर अस्पताल लाया। बताया जाता कि तब तक घायल व्यक्ति बात कर रहा था, लेकिन सदर अस्पताल में भर्ती होने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद से मृतक के परिजन व ट्रक मालिक के बीच करीब दो घंटे तक नोक झोंक हुई।