85 हजार परिवारों को एक माह में गैस कनेक्शन मिलेगा
उज्जवला योजना की समीक्षा बैठक समाहरणालय में प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी जयकिशोर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डीएसओ ने कहा कि उज्जवला योजना वितरण में सरकार काफी गंभीर है। जिले में 1.32 लाख लक्ष्य के अनुपात में वर्तमान समय तक 58 हजार गैस चूल्हा का वितरण किया गया। जबकि 85 हजार परिवारों का केवाईसी किया जा चुका है। योजना को गति के साथ आगे बढ़ाने के लिए 23, 24, 25 व 26 मई को प्रत्येक प्रखंड में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कैंप का आयोजन कर योजना का लाभ लाभुकों को वितरण करेंगे। इसमें 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष व गैस वितरक डीलर पूरा सहयोग कर इसे सफल बनाने में मदद करेंगे। सबसे पहले चिह्नित 85 हजार परिवारों को इसका लाभ एक माह के अंदर वितरण किया जाएगा। इसके बाद बाकी परिवारों को भी इसका लाभ वितरण किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रखंड को लक्ष्य दिया गया है, उसी के मुताबिक सभी कार्य करेंगे। इसके साथ ही जो लक्ष्य दिया गया है उसे समय से पूरा भी करेंगे। वहीं सरकार ने वैसे परिवारों को भी चिन्हित कर लाभ देने का निर्देश दिया है, जिसके घर में गैस चूल्हा नहीं है। वैसे परिवार के दो सदस्यों का आधार कार्ड और बैंक खाता लेकर उन्हें उज्जवला योजना का लाभ दिया जा सकेगा। मौके पर डीएसओ ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि कोई भी महिला लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर अपनी सेहत खराब नहीं करेगी।