अपनी विभिन्न मांगों के नहीं माने जाने के विरोध में झारखंड विश्वविद्यालय व महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कोल्हान विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों में सेवा दे रहे करीब 250 से अधिक शिक्षकेतर कर्मचारी सोमवार से काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। यह जानकारी संघ के कोल्हान प्रक्षेत्रीय शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के सचिव विश्वंभर यादव ने रविवार को बिष्टुपुर में हुई संघ की बैठक में दी। उन्होंने कहा कि एमएसीपी, एसीपी का लाभ, सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 62 वर्ष को बढ़ाकर 65 वर्ष करने, सातवां वेतनमान लागू करने सहित कई मागें उच्च तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की हठधर्मिता के कारण पूरी नहीं हो रही हैं। ऐसे में मजबूर होकर कर्मचारियों ने अपने हक के लिए आवाज उठाया है। उन्होंने कहा कि इस चरणबद्ध आंदोलन के तहत हम 25 तक काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। इसके बाद शिक्षा मंत्री के आवास के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस बैठक में जमशेदपुर महासंघ द्वारा अधिवेशन कराने का निर्णय लिया गया। अधिवेशन के लिए समिति का गठन किया गया।