एनआरएचएम अनुबंध कर्मचारी संघ की बैठक रविवार को सदर अस्पताल प्रांगण में हुई। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों की एएनएम शामिल हुई। बैठक में सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा गया कि वर्षों से अधर मे लटके अनुबंध पर काम करने वाले एएनएम के नियमितीकरण को लेकर सरकार ने लिखित परीक्षा लेने का निर्णय लिया है। लिखित परीक्षा के माध्यम से ही सही लेकिन यह फैसला स्वागत योग्य है। एनआरएचएम अनुबंध एएनएम लिखित परीक्षा देने के लिए तैयार हैं। मौके पर कहा गया कि परीक्षा में पारदर्शिता लाई जाए अन्यथा एनआरएचएम अनुबंध कर्मचारी संघ इसका जोरदार विरोध करेगी। मौके पर जिलाध्यक्ष सुनीता बारी ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में कार्यरत एएनएम का समायोजन कराने की मांग को लेकर प्रखंड स्तर से राज्य स्तर तक आंदोलन किया गया था। लेकिन किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इस बार सरकार ने लिखित परीक्षा के माध्यम से एनआरएचएम अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला लिया है। मौके पर एनआरएचएम अनुबंध कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष सुनीता बारी, चांदश्री जेराई, मेरी मगदली, सरिता नाग, सुचिता डांगा, मरियम पुरती, केशवती देवगम, अंजली कुमारी समेत सभी प्रखंड के प्रखंड अध्यक्ष व सचिव उपस्थित थे।