- Hindi News
- National
- सैकड़ों सेविका सहायिकाएं निषेधाज्ञा के बावजूद पहुंचीं समाहरणालय, बंद किया गेट
सैकड़ों सेविका-सहायिकाएं निषेधाज्ञा के बावजूद पहुंचीं समाहरणालय, बंद किया गेट
निषेधाज्ञा लागू रहने के बावजूद मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले की आंगनबाड़ी सेविका व सहायिकाओं ने समाहरणालय के समक्ष न केवल सभा व प्रदर्शन किया, बल्कि ध्वनि विस्तारक का प्रयोग भी किया। इस प्रदर्शन की वजह से समाहरणालय के सुरक्षाकर्मियों को जहां डेढ़ घंटे तक अंदर प्रवेश करने के गेट को बंद रखना पड़ा। वहीं सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही। सेविका व सहायिकाओं की भीड़ की वजह से टाटा कॉलेज के पास छोटी-बड़ी व मालवाहक गाड़ियों के पहिए आधे घंटे तक थमे रहे। वहीं पीसीआर वाहन पहुंचने के बाद सड़क को खाली कराया गया। इसके बाद सभी सेविका व सहायिकाएं समाहरणालय के मुख्य गेट के पास आकर बैठ गईं व नारेबाजी करने लगीं। ऐसे में सुरक्षाकर्मियों को गेट भी बंद कर देना पड़ा। नतीजतन न तो लोग समाहरणालय परिसर के अंदर से बाहर आ पा रहे थे और ना ही कोई बाहर से अंदर जा पा रहा था।