शिक्षकों के साथ कर्मियों को भी 7वें वेतनमान का लाभ
जिनका अभी तक वेतन निर्धारण नहीं हो पाया है उनका जल्द होगा
भास्कर न्यूज|चाईबासा
झारखंड विश्वविद्यालय महाविद्यालय कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष ललित सिंह व महामंत्री शिवजी तिवारी के नेतृत्व में उच्च शिक्षा निदेशक अबू इमरान से मिला। संघ ने अपनी पांच सूत्री मांगों से उन्हें अवगत कराया। वार्ता के दौरान उच्च शिक्षा निदेशक ने पांच में से तीन मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विवि शिक्षकों के साथ ही कर्मचारियों को भी सातवें वेतनमान का लाभ मिलेगा। इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। साथ ही जिन कर्मचारियों का अभी तक वेतन निर्धारण नहीं हो पाया है, उनका वेतन निर्धारण जल्द कर दिया जाएगा। कर्मचारियों के अर्जित अवकाश की संयुक्त सीमा 300 दिन को राज्य सरकार के अनुरूप 1 अप्रैल 2006 से लागू किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में विश्वंभर यादव, कमल किशोर, विश्वनाथ सिंह, उदय सिंह, सत्यनारायण पांडेय, श्रीनीकेत मिश्र, विश्वनाथ कुमार आदि शामिल थे।