शहर में धड़ल्ले से चल रहा अवैध लॉटरी का कारोबार
चाईबासा| जिला मुख्यालय बस स्टैंड व आसपास के क्षेत्रों में विगत कुछ माह से अवैध लॉटरी टिकट का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। चाईबासा शहर के विशेष कर बस स्टैंड चौक के समीप, मंगला हाट परिसर, गांधी मैदान चौक, आदि क्षेत्रों में पश्चिम बंगाल व नागालैंड स्टेट की डिअर अडमिरे फ्राइडे वीकली लॉटरी अवैध संचालक अपने एजेंटों के माध्यम से खुलेआम बेचवा रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन तमाशबीन बन कर बैठी है। इस अवैध लॉटरी के चक्कर प्रतिदिन सैकड़ों ठेला खोमचा वाले व गरीब दिहाड़ी मजदूर अपने दिन भर की मेहनत की कमाई जुआ संचालकों की जेब में डाल रहे है। इस धंधे में फंस कर क्षेत्र के दर्जनों घरों के सैकड़ों लोग अपना सब कुछ लुटा चुके हैं। गौरतलब है कि राज्य में लॉटरी का खेल प्रतिबंधित है।