शहर में नगर परिषद द्वारा बनाए जा रहे नाली निर्माण में गड़बड़ी सामने आई है। वह भी थाने के पास। यह गड़बड़ी तब सामने आई, जब नप अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ठाकुर ने शनिवार को विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में पाया कि जितनी राशि में 300 फीट नाली बन सकती थी, 200 फीट ही बनाई जा रही है। साथ ही नाली की सेंट्रिंग गत्ते के सहारे की जा रही थी। लिहाजा उन्होंने इसमें सुधार करने व नाली की लंबाई बढ़ाने का निर्देश दिया। जिस जगह पर नाली निर्माण में गड़बड़ी की जा रही थी, वह मुफस्सिल थाने की चहारदीवारी के पास ही है। नप अध्यक्ष यहां नाली निर्माण में हो रहे विवाद व स्थिति का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने पाया कि करीब 2.5 लाख की लागत से जिस नाली को बनाया जा रहा है, वह लबालब भरा है। कीचड़ में लोहे के सरिया धंसा दिया गया है। साथ ही गत्ते रखकर सेंट्रिंग व ढलाई की तैयारी चल रही थी। इस पर उन्होंने संवेदक को फटकरा भी लगाई।
वार्ड के लोगों की सहमति के बाद ही निर्माण योजना के प्राक्कलन बनाने का निर्देश
स्थल व प्राक्कलन को लेकर विवाद होने पर अभियंता व पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई
अध्यक्ष ने नप पदाधिकारी को तत्काल सेंट्रिंग को खोलने का निर्देश दिया। साथ ही कनीय अभियंता को प्राक्क्लन के साथ उपस्थित होने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का प्राक्क्लन तैयार करने से पूर्व विभागीय पदाधिकारी को स्वयं स्थल पर जाकर मोहल्लेवासियों से राय-मशविरा करना होगा। भविष्य में किसी भी तरह के प्राक्कलन व स्थल के विवाद उत्पन्न न हो। वहीं निर्माण कार्य की उपयोगिता भी सुनिश्चित हो सके। नप अध्यक्ष ने कहा कि यदि शहर में किसी भी निर्माण कार्य में स्थल और प्राक्कलन को लेकर विवाद होता है तो संबंधित अभियंता व पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नप अध्यक्ष ने निपटाया निर्माण स्थल का विवाद
जनता की गाढ़ी कमाई को सरकार किसी न किसी टैक्स के रूप में वसूल करती है। तब ही निर्माण कार्य होता है। नप अध्यक्ष ने वार्ड संख्या 12 के धोबी तालाब मोहल्ले में भी नाली निर्माण में स्थल को लेकर उत्पन्न विवाद का निपटारा करने पहुंचे। यहां निर्माण स्थल को निजी जमीन बताकर विवाद किया जा रहा था। लिहाजा अध्यक्ष्ज्ञ ने आपसी विवाद का बातचीत के बाद पटाक्षेप कराया
नाली अवरुद्ध करने पर सिटी मैनेजर करें केस
इसी क्रम में स्थानीय लोगों ने उनसे निर्माण सामग्री गिराकर नाली को अवरूद्ध करने की शिकायत भी की। इस पर उन्होंने सिटी मैनेजर को नालियों को जाम व अवरूद्ध करने के वालों के खिलाफ केस करने का सख्त निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में ही नप अध्यक्ष ने पाया कि वार्ड संख्या 9 में नाली बनाई जा रही है। उन्होंने 100 फीट नाली की लंबाई बढ़ाने का निर्देश दिया।