हरिला पंचायत में भालूगुटू किड़ोगोट से गितिलपी स्थित एनएच सड़क तक सांसद फंड से 93 लाख की लागत से बन रही दो किलोमीटर पीसीसी सड़क पर गितिलपी के पास पंचायत के मुखिया द्वारा सड़क पर फर्जी ग्राम सभा कर नाली का निर्माण कराए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने सड़क पर बन रही नाली का कार्य पर रोक लगाने की मांग को लेकर संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र उपायुक्त को सौंपा। इसमें ग्रामीण ही नहीं पंचायत के उप मुखिया अंथोनी सावैयां, वार्ड सदस्य व मानकी ललित सावैयां समेत 83 ग्रामीणों का संयुक्त हस्ताक्षर है। ग्रामीणों ने इसकी एक एक प्रतिलिपि बीडीओ सदर और उपविकास आयुक्त को भी साैंपी है। मांग पत्र में कहा गया कि हरिला पंचायत में भालूगुटू किड़ोगोट से गितिलपी एनएच 75 तक दो किलोमीटर पीसीसी सड़क का निर्माण सांसद निधि से किया जा रहा है। इस सड़क की चौड़ाई 12 फीट है। भालूगुटू किड़ोगोट से गितिलपी तक पीसीसी का काम हो चुका है। गितिलपी मेंं पंचायत के मुखिया जगमोहन सावैयां द्वारा पीसीसी का काम रुकवाने के बाद सड़क पर जबरन नाली का निर्माण कराया जा रहा है। मुखिया का कहना है कि सड़क बने या नहीं बने नाली जरूर बनाएं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर नाली की आवश्यकता है ही नहीं। मुखिया द्वारा अपने पद का दुरूपयोग करते हुए सरकारी मद काे बेवजह खर्च किया जा रहा है। मांग पत्र में गुमड़ा पीढ़ मानकी ललित सावैयां, उप मुखिया अन्थोनी सावैयां,वार्ड सदस्य साेमवारी सावैयां,प्रधान सावैयां, गोसा बिरूवा, सतारी सावैयां, प्रताप सावैयां आदि के हस्ताक्षर हैं।