5 लोगों को कुचल कर मारने के आरोपी को मिली जमानत
चक्रधरपुर थाना अंतर्गत बोड़दा पुल के पास 5 लोगों को कुचलकर मार डालने के मामले में जेल में बंद सौरभ अग्रवाल को न्यायालय से जमानत मिल गई है। सौरभ अग्रवाल को 5 मार्च 2018 को चक्रधरपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया न्यायिक हिरासत में जेल भेजा दिया था। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 3 मार्च 2018 को सौरभ अग्रवाल ने तेज गति से लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए 5 लोगों की जान ले ली थी। बोरदा गांव के पास ग्रामीण आदिवासी रीति रिवाज से सड़क के किनारे पूजा पाठ कर रहे थे। गोइलकेरा थाना के रामराई हेम्ब्रम की पुत्री की शादी 13 मार्च 2018 को थी। लड़के पक्ष वाले कुमारडुंगी से आकर आदिवासी रीति रिवाज से सड़क किनारे मुर्गे की बलि दे रहे थे। इस बीच लाल रंग की अनियंत्रित कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए पूजा कर रहे आदिवासियों को कुचल डाला। इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई थी। कई दिनों तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। इसके बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी की गई थी।