चैनपुर प्रखंड प्रमुख विजय गुप्ता का प्रखंड क्षेत्र के आक्रोशित पंचायत समिति सदस्यों ने सोमवार को उनके चैंबर में घेराव किया। सदस्यों का कहना था कि पंचायत में मुखिया और पंचायत सचिव द्वारा सभी मामले में पूरी तरह से मनमानी की जा रही है।
पंचायत में हो रहे कार्यों की जानकारी या उसका ब्यौरा पंचायत सचिव द्वारा नहीं दिया जा रहा है। इसकी जानकारी कई बार लिखित रूप से प्रमुख व बीडीओ को दी जा चुकी है परंतु उन पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई, न ही कई महीनों से पंचायत समिति सदस्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। कई सदस्यों का कहना था कि अगर प्रमुख महोदय से कार्य नहीं हो पा रहा है, तो इस्तीफा दे दें।
प्रमुख विजय गुप्ता ने पंचायत समिति सदस्यों को मनाने का काफी प्रयास किया। अंततः पंसस इस शर्त पर माने की 6 दिनों के अंदर पंचायत समिति सदस्यों की समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी तथा उस बैठक में सभी पंचायतों के पंचायत सचिव एवं कनीय अभियंता से ढाई साल में हुए कार्य का ब्योरा मांगा जाएगा। प्रखंड प्रमुख द्वारा पंचायत समिति सदस्यों को आश्वासन देने के बाद ही सभी सदस्य घेराव को समाप्त किया। घेराव सुबह 11:00 बजे से 3:00 बजे तक किया गया। घेराव कार्यक्रम में उप प्रमुख नौशाद आलम ,रामबली सिंह, सुनील चौरसिया, सौम्या पासवान, राजनित टोपनो , बैजनाथ पाल, संजय प्रसाद, हीरो सिंह, इंदल चौरसिया चंद्रावती देवी, मनोज राम, फूल कुमारी देवी , सत्यवती देवी, पार्वती देवी, वैजयंती देवी सहित सभी पंसस शामिल थे।