मुक्तिबोध रचित कहानी ‘पक्षी और दीमक’ का किया मंचन
भारत के प्रसिद्ध नाट्य दल नंदिकर (कोलकाता) के नवोदित रंगकर्मियों को शहर के स्टोरी टेलर दिनकर शर्मा ने एकदिवसीय स्टोरी टेलिंग कार्यशाला के अंतर्गत कहानी की मंचीय प्रस्तुति से संबंधित बारिकियों के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए प्रैक्टिकल रूप से प्रशिक्षण दिया।
नंदिकर के आमंत्रण पर 9 मार्च को दिनकर शर्मा ने नंदिकर के निदेशक श्री रुद्रप्रसाद सेन गुप्ता की उपस्थिति में एकदिवसीय स्टोरी टेलिंग की कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में नवोदित रंगकर्मियों को कहानी की प्रस्तुति के क्षेत्र में संभावनाओं को बताते हुए एक तरफ उनको साहित्य के प्रति लगाव बढ़ाने हेतु प्रेरित किया तो दूसरी तरफ इस कला को बेहतर कैरियर के संदर्भ में बेहतर विकल्प के रूप में उपस्थित कर स्टोरी टेलिंग की विधा के भारत में विस्तार हेतु सजग किया। इस एकदिवसीय कार्यशाला में प्रशिक्षण के साथ दिनकर ने स्वरचित कहानी ‘लेफ्ट राइट’ एवं मुक्तिबोध रचित कहानी ‘पक्षी और दीमक’ का मंचन भी किय।
जिसे नवोदित रंगकर्मियों के साथ साथ श्री रुद्रप्रसाद सेन गुप्ता एवं श्री सप्तशी ने भी देखा। प्रस्तुति को किसी ने जीवंत कहा तो किसी ने अद्भुत बताते हुए प्रशंसा की। रुद्रप्रसाद सेन गुप्ता ने दिनकर की कला की सराहना करते हुए इसे अद्वितीय की संज्ञा दी। प्रस्तुति ने नवोदित रंगकर्मियों को इस कला की ओर आकर्षित किया और सभी ने दिनकर की इन प्रस्तुतियों को स्वयं एक कार्यशाला बताते हुए इस कला के प्रति सम्मान प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम का आयोजन नंदिकर के प्रेक्टिस हॉल फेडरेशन हॉल, कोलकाता में किया गया था।