संकीर्तन को लेकर शराब दुकान बंद करने की मांग
16 प्रहर की अखंड हरिसंकीर्तन धार्मिक अनुष्ठान को लेकर बनालता गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने सरकारी शराब दुकान को बंद कराने की मांग जिला प्रशासन से की है। बनालता गांव में 15 अप्रैल से गंधदिवस के बाद हरि नाम जाप का अखंड हरिकीर्तन आरंभ है। इससे पहले गांव के आसपास का माहौल भक्तिमय व धार्मिक होने के कारण रविवार की शाम को सरकारी शराब दुकान को बंद करा दिया। लेकिन आबकारी विभाग के वरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की बातें नहीं सुनी। दूसरे दिन जबरन खुलवा दिया है। लोग आक्रोशित हैं। सैकड़ों लोगों ने आबकारी आयुक्त रांची, जिले के डीसी को सरकारी शराब दुकान बंद कराने की मांग पर पत्र लिखा है। हालांकि गांव में धार्मिक अनुष्ठान समापन तक आबकारी विभाग के अधिकारियों की मनमानी का सामना कर रहे हैं। गांव के लोग आबकारी विभाग के उत्पाद अधीक्षक सुधीर कुमार के अलावे दारोगा प्रदीप कुमार से सिर्फ तीन दिन ही दुकान बंद कराने की मांग की थी। गांववालों का कहना है कि जब रामनवमी जैसे त्योहार में शहर में दुकानें बंद रहती है,तो गांव में इतनी बड़े धार्मिक अनुष्ठान में क्यों बंद नहीं रहेगा। ग्रामीणों के विरोध से संबंधित पत्र दैनिक भास्कर को मिला तो व्हाटसअप से आबकारी दारोगा प्रदीप कुमार को भेजा गया। इस पर उनका जबाव आया कि हमलोग क्या कर सकते हैं। वहीं ग्रामीणों ने जब जिला उत्पाद अधीक्षक सुधीर कुमार से बात की तो उन्होंने कानून का हवाला दिया। बताया कि वरीय अधिकारियों को पत्र दें।
ग्रामीणों के विरोध के बाद भी आबकारी विभाग ने खोली शराब की दुकान, ग्रामीणों में आक्रोश
18 को होगा कीर्तन का समापन - 18 अप्रैल तक हरिनाम का अखंड जाप चलता रहेगा। तीन दिनों तक गांव में भक्ति का माहौल रहेगा। प बंगाल के अलावे पूर्वी सिंहभूम के कई नामचीन कीर्तन दल इस नाम जाप में शामिल हो रहे हैं।