नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
प्रखंड के तीन अनुसूचित जाति बाहुल्य गांव चेलाबेड़ा, अयोध्या और इटिहासा गांव में ग्राम स्वराज अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार को गांव में स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। ग्राम स्वराज अभियान 5 मई तक चलाकर गांव को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। बुधवार को कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप प्रसाद अतिथि के रूप में पहुंचे थे। गांवों में नुक्कड़ नाटक कर लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूक किया गया। वहीं गांव में झाडू लगाए गए। तीन गांवों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सौभाग्य (प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना), उजाला योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मिशन इंद्रधनुष योजना से शत-प्रतिशत लाभुकों तक आच्छादित करने की बात कही गई। जिसमें ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील की गई। पिछले 14 अप्रैल से ही गांव में ग्राम स्वराज अभियान की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम में बीडीओ राम नारायण सिंह के अलावा मुखिया मेंजो हेंब्रम, पूर्व मुखिया पीरु हेंब्रम समेत रोजगार सेवक, पंचायत सचिव और ग्रामीण मौजूद थे।