वृद्धाओं को 12 माह से नहीं मिल रही है पेंशन विधायक से शिकायत
चक्रधरपुर|प्रखंड अंतर्गत हतनातोड़ांग पंचायत के दर्जनों वृद्धा व विधवा पेंशनधारियों को विगत एक सालों से पेंशन नहीं मिल रही है। पेंशन की आस में कई वृद्धाओं की मौत भी हो गई है, तो कई प्रखंड कार्यालय व बैंक का चक्कर लगा रही हैं। बुधवार को दर्जनों पेंशनधारी विधायक आवास पहुंचे और विधायक शशिभूषण सामड से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस दौरान विधायक ने पेंशन का लाभ दिलाने के लिए पंचायत सेवक शिव चरण गोप को आवास बुलाया और पेंशन संबंधित होने वाली समस्याओं से अवगत हुए। इस दौरान पंचायत सेवक ने कहा कि मुखिया मिलन बोदरा पंचायत भवन में नहीं बैठते हैं, जिस कारण ऐसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। जिन लोगों का पेंशन नहीं मिल रही है, उनका आधार कार्ड जमा करें, ताकि बैंक में आधार कार्ड लिंक किया जा सके। विधायक ने निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत के 60 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी लोगों को पेंशन का लाभ मिलना चाहिए और जिन पेंशनधारियों का पेंशन एक साल से बंद हुआ है, उनका एक सप्ताह ने अंदर शुरु होना चाहिए।