चक्रधरपुर में की आभूषण चोरी, जमशेदपुर में धराया
भास्कर न्यूज| चक्रधरपुर/जमशेदपुर
आजादनगर पुलिस ने चोरी के आभूषण के साथ कपाली इस्लाम नगर रोड नंबर-1 निवासी मो. सरताज को सोमवार सुबह 9 बजे वारिश कॉलोनी से गिरफ्तार किया। थाने में पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह आजादनगर थाना के एएसआई रामलाल पासवान पेट्रोलिंग गश्ती पर थे। इस दौरान उन्होंने मो. सरताज को संदिग्ध हालत में भागते देखा। शंक होने पर पुलिस ने उसे खदेड़कर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से आभूषण मिले। पूछताछ में सरताज में बताया- बरामद आभूषण उसने चार दिन पूर्व चक्रधरपुर में एक घर से चुराए थे। पुलिस के अनुसार, सरताज पहले भी मानगो में चोरी करते पकड़ा गया था। लेकिन लोगों ने पिटाई कर छोड़ दिया था। गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया गया है। उसके पास से चांदी का एक जोड़ी डिजाइनर पायल, एक जोड़ी प्लेन पायल, एक चेन, एक बिछिया बरामद किया गया है।