मुखिया घर ले गए सरकारी सोफा सेट और डीजी मशीन
कुलीतोडांग पंचायत की मुखिया सरकार द्वारा पंचायत को आंवटित डीजी मशीन, सोफा सेट, आलमारी ओर कुर्सी आदि को अपने घर में लगाया गया है। इस संबंध में कई आरोपों पर कुलीतोडांग पंचायत के पंचायत समिति सदस्य दुलू जामुदा ने पंचायत भवन में वार्ड सदस्यों व मुंडाओं के साथ बैठक कर गंभीर आपत्ति जताई गई है। इसके अलावा मुखिया के द्वारा की जा रही गड़बड़ी सहित अपने निजी आवास में सरकारी सामानों को रखे होने की विस्तृत जानकारी दी है। पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी को भी इसकी जानकारी दी गई है। जिसमें बताया गया है कि 13 वें वित आयोग से प्राप्त फंड से आलमारी,कुर्सी, सोफा सेट, कुर्सी दरी जेराक्स मशीन आदि का उपयोग मुखिया अपने निजी काम के लिए कर रहे हैं। बैठक में सोमाय जामुदा,बीर सिंह पुरती,पासिंग पुरती,जवाहर लाल पुरती,माझीराम जोंको, राजू सांडिल बुधन सिंह सांडिल, रामसिंह जोंको आदि के हस्ताक्षर है। पंचायत के लोगों ने पंचायत में चल रही योजनाओ के बारे जानकारी सूचना का अधिकार के माध्यम से मांगी थी। जिसमें कई गड़बड़ियों का खुलासा हुआ है। मुखिया,जलसहिया व पंचायत सेवक की मिलीभगत से दर्जनों अधूरे शौचालयों को पूर्ण दिखाकर पैसों की निकासी कर ली गई है। सागीपी, धरमसाई और तोडांगसाई मे कई लोगों के शौचालय बने नहीं है। लेकिन पैसों की निकासी हुई है। जिसकी पूरी सूची एसडीओ पोड़ाहाट को सौंपी गई है।