बामड़ा के पास रेलवे गेटमेन के साथ युवकों ने की मारपीट, मामला दर्ज
चक्रधरपुर| रविवार को बामड़ा रेलवे स्टेशन से 8 किलोमीटर दूर स्थित रेलवे गेट पर कार्यरत गेटमेन पंकज कुमार यादव के साथ एक बाईक पर सवार तीन लोगों ने मारपीट की। बाइक सवार जब रेलवे गेट के पास पहुंचे तो गेट बंद हो रहा था। उन तीनों ने गेटमेन को गेट खोलने को कहा गेट नहीं खोलने पर उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद राजकीय रेल पुलिस बामड़ा मे मामला दर्ज करवाया गया। इसी घटना को लेकर रेलवे ट्रैकमेंटेनरों में रोष है। सोमवार को ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेंटेनर युनियन के जोनल महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने प्रेस विज्ञप्ती जारी कर रोष प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। इसके बावजूद गेटमेनों के सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन सुस्त है। गेटमेन अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मांग किया है कि इनकी ड्यूटी 12 घंटे के बजाय 8 घंटे कराया जाये, रेलवे गेटों में सीसीटीवी कैमरा लगे ताकी घटना का विजुएल मिल सके।