पदमपुरा में जनविरोध के चलते बिना जनसुनवाई किए लौटे विधायक बैरवा
भास्कर न्यूज | चाकसू/बाड़ा पदमपुरा
चाकसू विधायक लक्ष्मीनारायण बैरवा के शुक्रवार को पंचायत मुख्यालय निमोडिया पर जनसुनवाई की गई। विधायक ने निमोडिया में बने गौरवपथ का लोकार्पण किया तथा 3 हैंडपम्प एवं 10 लाख रुपए विधायक कोष से देने की घोषणा की। अध्यक्षता सरपंच रामचरण चौधरी ने की। ग्राम पंचायत आकोड़िया में शुक्रवार को विधायक बैरवा ने जनसुनवाई की। कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व पंचायत में 36 लाख की लागत से बनी आकोड़िया खाजलपुरा ड़ामर सड़क व खाजलपुरा स्कूल में 7 लाख की लागत से बने दो कक्षा- कक्षों का लोकार्पण किया। आकोड़िया सरपंच सुनीता मीणा की माँग पर आकोड़िया स्कूल में दो हाॅल बनवाने व 3 हैन्ड़पम्प लगवाने की घोषणा की। जिला परिषद सदस्य भूणाराम गुर्जर, कोथून सरपंच बद्रीनारायण चौधरी, सरदार सुरेन्द्र सिंह, भामाशाह अर्जुनलाल मीणा मौजूद रहे।
आकोड़िया में जनसुनवाई करने के बाद पदमपुरा जनसुनवाई करने पहुंचे विधायक बैरवा को पंचायत कार्यालय में पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। इस बीच विरोध बढ़ता देख विधायक बैरवा बिना जनसुनवाई किए ही लौट गए। पदमपुरा सरपंच अर्जुन लाल मीणा ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा विरोध करने का तरीका गलत था, अगर किसी प्रकार की समस्या भी थी, तो शांतिपूर्ण मांग की जा सकती थी। जनसुनवाई नहीं होने से ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण भी नहीं हो पाया। विधायक से पुन: जनसुनवाई के लिए आग्रह किया जाएगा जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो सके।
लोहरवाड़ा में सड़क निर्माण शुरू
गोविंदगढ़| ग्राम लोहरवाड़ा के हरिजन मोहल्ले में सीसी सड़क का निर्माण कार्य सरपंच जगदीश प्रसाद यादव के सान्निध्य में शुरु हुआ। सरपंच ने कहा कि ग्रामीण इस बात का ध्यान रखें कि सरकारी पैसे का दुरुपयोग नहीं हो सके। कार्य की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखे और कमी पाई जाए तो अवगत कराएं।