भास्कर न्यूज। बाड़ा पदमपुरा
क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम आकोड़िया नया निमोड़िया सीमा पर शुक्रवार शाम को खेतों में बने एक कुएं में विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर चाकसू एसएचओ व शिवदासपुरा थानाधिकारी, निमोड़िया सरपंच रामचंद्र चौधरी की मौजूदगी में ग्रामीणों की मदद से रात लगभग 9 बजे शव को बाहर निकाला गया।
चाकसू सहायक थानाधिकारी हरि सिंह ने बताया कि मृतका की शिनाख्त सावित्री देवी प|ी मुकेश गुर्जर आकोड़िया के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल मोर्चरी में रखवाया। ग्रामीणों ने बताया कि महिला 8 मई से ससुराल आकोड़िया से लापता थी। जिसकी गुमशुदगी शिवदासपुरा थाने में दर्ज हैं। शनिवार सुबह मृतका के पिता राजूलाल गुर्जर निवासी मानपूर डूंगरी ने हत्या की आशंका जताते हुए शव का मेडिकल टीम गठित कर पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। जिस पर पुलिस ने मेडिकल टीम का गठन कर चाकसू एसीपी वीरसिंह की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।