जमशेदपुर से जमीन की मापी कराने आए व्यवसायियों को किसानों ने रोका
चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत अंतर्गत जामसोल मौजा में कुछ लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर खेती योग्य जमीन खरीदने आए लोगों का किसानों ने जोरदार विरोध किया। रविवार को जमीन का सीमांकन करने पहुंचे अमीन तथा अन्य कर्मियों को पहले से खेती कर रहे किसानों ने सीमांकन करने से रोक दिया। बिना मापी के उन्हें वापस लौटने को बाध्य कर दिया। किसानों ने विरोध जताते हुए कहा कि हमारे दादा के जमाने से लगभग 100 सालों से इसी जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। अभी भी धान खेत में लगा हुआ है। हम लोगों के नाम पर दखल भी है। इसके बावजूद बिना सूचना के ही जमशेदपुर के कदमा निवासी तीन व्यवसायियों ने 12 एकड़ 48 डिसमिल जमीन खरीद लेने की बात कह कर जमीन का सीमांकन करने आए थे। किसानों को जानकारी दिए बगैर ही जमीन की मापी करने पहुंचे थे। विरोध के बाद सभी वहां से चले गए। हम लोगों को पुलिस के नाम पर धमकी दी जा रही है।