पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव की मतगणना 20 को, पहला रुझान 9 बजे से आना शुरू होगा

चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव की मतगणना 20 को, पहला रुझान 9 बजे से आना शुरू होगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव की मतगणना 20 अप्रैल को होगी। मतगणना का काम जेसी हाई स्कूल परिसर स्थित आशा ऑडिटोरियम में होगा। मंगलवार को उपायुक्त अमित कुमार ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त के साथ जिला पंचायती राज पदाधिकारी रजनीकांत मिश्रा, घाटशिला के एसडीओ अरविंद कुमार लाल समेत निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम शुक्रवार की सुबह 8 बजे खोला जाएगा। स्ट्रांग रूम खुलने से करीब एक घंटा पहले सात बजे ही सभी अधिकारी और कर्मचारी स्ट्रांग रूम में प्रवेश कर जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतगणना एजेंट और सभी प्रत्याशी भी सुबह आठ बजे से पहले स्ट्रांग रूम की जांच की रुपरेखा देख सकेंगे। मतगणना एजेंट और प्रत्याशियों की उपस्थिति में ही स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि मतगणना का काम एक ही हॉल में दो राउंड में होगा। हॉल में कोई भी बिना पहचान पत्र (आईडी) के प्रवेश नहीं कर सकेगा। मोबाइल फोन लेकर प्रवेश करने पर रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहला रुझान 9 बजे आना शुरू हो जाएगा। किसी भी प्रकार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारी व पुलिस की होगी तैनाती

मतगणना हाल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश देते उपायुक्त व अन्य।

मतगणना के लिए 138 कर्मियों को दो ग्रुपों में बांटकर दी गई ट्रेनिंग

चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर घाटशिला के एसडीओ कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मंगलवार को ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी रजनीकांत मिश्रा ने मतगणना कार्य से जुड़े करीब 138 अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने दो अलग-अलग ग्रुपों में बांटकर मतगणना कर्मियों को ट्रेनिंग मुहैया कराया। मौके पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुक्रवार की सुबह सात बजे तक स्ट्रांग रूम में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।

एसडीओ ऑफिस में मतगणना की ट्रेनिंग देते जिला पंचायती राज पदाधिकारी।

अधिकारियों व प्रत्याशियों के साथ डीसी ने की मतदान की समीक्षा

बैठक कर मतदान की समीक्षा करते उपायुक्त।

उपायुक्त अमित कुमार ने मंगलवार की सुबह जेसी हाई स्कूल स्थित आशा ऑडिटोरियम में चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव के मतदान की स्क्रूटनी बैठक की। उपायुक्त ने चुनाव पर्यवेक्षक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, घाटशिला के एसडीओ, बीएलओ और मतगणना अधिकारियों संग स्क्रूटनी बैठक कर मतदान की समीक्षा की। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद पद के प्रत्याशी भी उपस्थित थे। मौके पर उपायुक्त ने बताया कि सोमवार को हुए मतदान का प्रतिशत 75.14 रहा। कुल 11 हजार 500 मतदाताओं में से 8 हजार 641 ने मतदान किया। इनमें 5 हजार 807 पुरुष मतदाताओं में से 4 हजार 432 ने मतदान किया। इसी तरह, 5 हजार 693 महिला मतदाताओं में से 4 हजार 209 ने ही मतदान किया। उपायुक्त ने प्रत्याशियों को मतगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी भी मुहैया कराई।

सभी प्रत्याशी सुबह आठ बजे से पहले स्ट्रांग रूम की जांच की रुपरेखा देख सकेंगे

किसी भी प्रकार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी

खबरें और भी हैं...