काफी प्रयास एवं विवादों के बाद चाकुलिया में आनंदलोक अस्पताल के खुलने से लोगों में बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है। परंतु अस्पताल शुरू होने के 6 महीने बीतने के बाद तक सिर्फ आंखों एवं दांत के ही डॉक्टर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। अन्य बीमारियों का इलाज नहीं हो पाने की स्थिति में स्थानीय लोगों के बीच नाराजगी थी। इसी बीच कैंसर, शिशु रोग, स्त्री रोग, मूत्र रोग के विशेषज्ञों के आने की खबर तथा अल्ट्रा सोनोग्राफी आदि की सुविधा शुरू होने से लोग काफी खुश हैं। चाकुलिया में अब कैंसर का इलाज भी शुरू होगा। स्थानीय आनंदलोक अस्पताल में यह सुविधा अगले महीने से शुरू होगी। इसकी जानकारी चाकुलिया आनंदलोक अस्पताल प्रबंधन के सुकांत कुमार ने दी है। उन्होंने बताया कि अगले महीने से अस्पताल में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बल्लभ सरदार द्वारा जांच तथा इलाज किया जाएगा। इसके अलावा मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर हरप्रीत सिंह व शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एस धंक तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ एन के साव चाकुलिया स्थित आनंदलोक अस्पताल में रोगियों का इलाज करेंगी।