चाकुलिया स्थित टाउन हॉल परिसर में रविवार को शिविर आयोजित कर महिलाओं के बीच गैस सिलेंडर और चूल्हे का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लगाए गए शिविर में सांसद विद्युत वरण महतो उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार महिलाओं की स्थिति का सर्वे करवाया। जिसमें पता चला कि चूल्हे पर लकड़ी या कोयले से खाना पकाने वाली महिलाएं टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो रही हैं। जिसके बाद प्रधानमंत्री ने निर्णय लिया कि गांव की गरीब महिलाओं में फ्री गैस कनेक्शन दिया जाए। सब्सिडी छोड़ने वाले 5 करोड़ लोगों के बदले में 5 करोड़ महिलाओं में गैस सिलेंडर दिया जाना है। वशिष्ठ अतिथि विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर दिया जाना प्रधानमंत्री की अच्छी पहल है। शिविर में गंगा महतो, अंजलि महतो, डोली महतो, निर्मला महतो, मनीषा महतो, काजल हेंब्रम समेत 106 लाभुकों को गैस सिलेंडर दिए गए। नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र के 33 एसएचजी ग्रुप की महिलाओं को 3 लाख 33 हजार रुपए अनुदान राशि का चेक दिया गया। मौके पर चेयरमैन संध्या रानी सरदार, दिनेश साव, सुशील शर्मा, शिवचरण हांसदा, जगरनाथ महतो समेत तमाम वार्ड पार्षद एवं गैस एजेंसी के संचालक चांदनी कुमारी उपस्थित थे।