पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चाकुलिया जुस्को कार्यालय में बकाएदारों ने मचाया हंगामा, 5 लाख बकाए का किया दावा

चाकुलिया जुस्को कार्यालय में बकाएदारों ने मचाया हंगामा, 5 लाख बकाए का किया दावा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चाकुलिया गौशाला स्थित जुस्को कंपनी के कार्यालय में रविवार को बकाएदारों ने जमकर हंगामा मचाया। पिछले एक वर्ष से जुस्को कंपनी चार बकाएदारों के लगभग 5 लाख रुपए नहीं चुकाई है। रविवार को जुस्को कार्यालय पहुंच कर बकाया राशि मांगे जाने पर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल शर्मा ने अभद्र व्यवहार करते हुए पैसा देने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पैसे पेड़ पर नहीं फलते हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर की टिप्पणी से नाराज होकर बकाएदारों ने कार्यालय में हंगामा करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर को खूब खरी-खोटी सुनाई। साथ ही बकाया राशि भुगतान नहीं होने तक काम बंद करने की भी बात कही। चाकुलिया के अनुष्का इंटरप्राइजेज का दो लाख 67 हजार, श्याम फ्यूल स्टेशन का एक लाख 90 हजार, पवन अग्रवाल का 45 हजार और सुरेश सिंह का 65 हजार रुपए बकाया है।

हंगामे के बाद जुस्को कार्यालय में वार्ता करते मैनेजर।

क्या है मामला : जानकारी के मुताबिक जुस्को कंपनी द्वारा 17 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री पेयजल आपूर्ति योजना के तहत चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में पानी की टंकी एवं पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। कंपनी ने चाकुलिया में निर्माण कार्य को पश्चिम बंगाल की एक कंपनी आद्दक इंटर प्राइजेज को पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर दे दी है। पेटी कॉन्ट्रेक्टर द्वारा क्षेत्र के व्यवसायियों से निर्माण सामग्री समेत डीजल, पेट्रोल एवं भाड़े पर ट्रैक्टर आदि लिया गया है। कुछ दिनों तक काम करने के उपरांत पेटी कॉन्ट्रेक्टर आद्दक इंटर प्राइजेज ने काम बीच में ही छोड़ दिया।

टाल-मटोल करने पर थे नाराज

बकाएदारों ने इसकी शिकायत जुस्को कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल शर्मा से की। पिछले 3 महीने से अनिल शर्मा द्वारा यह आश्वासन दिया जा रहा था कि आद्दक इंटर प्राइजेज के काम का पूरा पैसा कंपनी द्वारा भुगतान नहीं किया गया है। उसे भुगतान करने से पहले बकाएदारों का पैसा जरूर दे दिया जाएगा। इसी बीच कंपनी द्वारा पेटी कॉन्ट्रेक्टर की बकाया राशि चुका दी गई। जबकि स्थानीय बकाएदारों को इसकी जानकारी भी नहीं दी गई। रविवार को बकाया राशि की मांग करने जुस्को कंपनी के गौशाला स्थित कार्यालय पहुंचने पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने व्यवसायियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जिसके बाद व्यवसायी नाराज होकर हंगामा करने पर उतारू हो गए। प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शंभुनाथ मल्लिक ने प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल शर्मा से कहा कि मुख्यमंत्री पेयजल आपूर्ति योजना के तहत निर्माण कार्य जुस्को कंपनी को दिया गया था। जुस्को द्वारा पेटी कॉन्ट्रेक्टर को काम दिया जाना गलत है। साथ ही स्थानीय व्यवसायियों की बकाया राशि नहीं दिया जाना तथा अभद्र व्यवहार किया जाना भी गलत है। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से कहा कि जल्द से जल्द बकाएदारों की राशि उन्हें दे दी जाए।

क्या कहते हैं प्रोजेक्ट मैनेजर

प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल शर्मा ने बताया कि 4 बकाएदारों का लगभग 5 लाख रुपए बकाया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को कंपनी के वरीय अधिकारियों को चाकुलिया बुलाया जा रहा है। उनकी उपस्थिति में बकाएदारों के साथ बैठक कर बकाया राशि भुगतान के लिए अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...