चाकुलिया : नाबालिग का मंदिर में परिजनों ने कराया विवाह बीडीओ से शिकायत
प्रशासन की आंखों में धूल झोंक 15 वर्षीय बच्ची का परिजनों ने विवाह करा दिया। चाइल्ड लाइन के सदस्यों द्वारा धालभूमगढ़ एवं चाकुलिया के बीडीओ से लिखित शिकायत करते हुए कहा है कि धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित खुपडाखुपी की 15 वर्षीया बालिका का विवाह परिजनों ने चाकुलिया प्रखंड स्थित मटिया बांधी पंचायत के बासाडीहा के युवक के साथ मंदिर में करा दी। हाल के दिनों में बाल-विवाह पर रोक के लिए प्रशासन एवं चाइल्ड लाइन ने क्षेत्र में काफी सख्ती बरती है। एक सप्ताह के भीतर चाकुलिया में 2 तथा घाटशिला में एक बाल-विवाह रुकवाया। खुपडाखुपी में भी बाल विवाह की जानकारी चाइल्ड लाइन को हो गई थी। विवाह को रोकने के लिए प्रयास भी शुरू हो गया था। इसी बीच परिजनों ने प्रशासन को चकमा देकर मंदिर में बच्ची की शादी करा दी। धालभूमगढ़ एवं चाकुलिया बीडीओ को मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।