प्रखंड कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक करते डीडीसी ।
भास्कर न्यूज | चाकुलिया
चाकुलिया प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास तथा स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक हुई। उप विकास आयुक्त बी महेश्वरी ने प्रखंड कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने चाकुलिया प्रखंड स्थित सभी 19 पंचायतों में चल रहे विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रखंड कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। सरडीहा पंचायत एवं चंदनपुर पंचायत में मनरेगा योजना में मजदूरों की संख्या कम होने के कारण इन दोनों पंचायतों के रोजगार सेवकों को उन्होंने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सरडीहा एवं चंदनपुर पंचायत में मनरेगा योजना में मजदूरों की संख्या जल्दी नहीं बढ़ाई गई और कार्य में प्रगति नहीं लाई गई तो रोजगार सेवक नपेंगे। कलियाम पंचायत में भी कार्य की धीमी गति से डीडीसी नाराज हुए। लोधाशोली एवं बड़ामारा पंचायत में चल रही विकास योजनाओं से पदाधिकारी संतुष्ट दिखे। इन दोनों पंचायतों के पंचायत सचिव चंडी चरण भोल एवं राजेश लकड़ा तथा रोजगार सेवक आदित्य गिरि एवं अनूप पंडा को प्रोत्साहित भी किया। बरसात शुरू होने से पहले जून महीने के अंत तक मनरेगा योजना के तहत डोभा, तालाब एवं सिंचाई नाला का निर्माण तथा शौचालय निर्माण पूर्ण कराने का निर्देश प्रखंड कर्मियों को दिया गया।