रंजिश में चचेरे भाई और चाचा पर ट्रेलर चढ़ाया, बाप की मौत
जोधपुर के देवीगढ़ का मामला, 3 गिरफ्तार
भास्कर न्यूज | शेरगढ़(जोधपुर)
पुरानी रंजिश के चलते बुधवार को कुछ बदमाशों ने दो बाप-बेटे पर ट्रेलर चढ़ा दिया। इससे बाप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका बेटा हेलमेट पहने होने से बाल-बाल बच गया। चार में से तीन हमलावर मृतक के भतीजे बताए जा रहे हैं।
जो पूर्व में भी तीन बार उनके बेटे को मारने का प्रयास कर चुके थे। पुलिस ने 2 घंटे में ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके दो ट्रेलर जब्त कर लिए। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस ने बताया कि देवीगढ़ निवासी मनोहर राम जाट (27) ने रिपोर्ट दर्ज करवा कर बताया कि बुधवार दोपहर एक बजे वह अपने पिता लुंबाराम जाट के साथ बाइक पर जा रहा था। कुछ परिचित उनके पीछे आ रहे थे। इसी दौरान देवीगढ़ निवासी मोतीराम व पप्पूराम, सुरताराम और लोहावट निवासी अचलाराम उर्फ आसूराम वहां आए। उनके दो ट्रेलर पास ही एक होटल पर रखे थे। एक ट्रेलर में सवार होकर वे आगे बढ़े और तेज रफ्तार में मनोहर व उसके पिता लुंबाराम पर चढ़ा दिया। ट्रेलर लुंबाराम के दोनों पैर व पेट को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।