महिला ने फांसी के फंदे पर झूलकर की आत्महत्या
जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत जैंतगढ़ पंचायत के बुरुहातु गांव में एक 55 वर्षीय महिला जेमा पिंगुवा ने अपने कमरे में घर के धरने के सहारे रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार दिन के करीब 12से 1 बजे के बीच बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जेमा पहले ही दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। जब उसका पुत्र कैरा पिंगुवा अपने घर आया तो मां को फंदे से झूलता पाया। उसने इसकी जानकारी पहले ग्रामीण मुंडा सत्यनारायण राठौर को दी। सूचना पाकर जगन्नाथपुर थाना के एएसआई नागेंद्र राम घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अस्वाभिक मौत का मामला दर्ज किया।