जनसहयोग से होगा सुल्तानिया तालाब का गहरीकरण, अधिकारी भी शामिल होंगे
पानी की समस्या के निराकरण के लिए प्रशासन ने बुधवार को क्षेत्र के सुल्तानियां तालाब के गहरीकरण अभियान का शुभारंभ किया। प्रभारी मंत्री जयभान सिंह पवैया और कलेक्टर बीएस जामोद तगाड़ी उठाकर गहरीकरण अभियान शुरू किया। तालाब का गहरीकरण कार्य जनसहयोग से किया जाएगा। गहरीकरण कार्य गर्मियों के मौसम में पानी के संरक्षण के लिए किया जा रहा है।
तालाब गहरीकरण के लिए बुधवार को प्रभारी मंत्री जयभान सिंह पवैया सुबह 11 बजे पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गेंती फावड़ा चलाकर प्रतीकात्मक रूप से गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान श्री पवैया ने उपस्थित जनसमूह से तालाब गहरीकरण अभियान में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी मिलकर तालाब गहरीकरण अभियान में सहयोग करेंगे तो तालाब की जल भराव क्षमता बढ़ेगी। इससे अगले वर्ष हमें पानी की सुविधा होगी। क्षेत्र का जलस्तर बढ़ेगा। खेती का विकास होने के साथ मछली का उत्पादन भी बढ़ेगा।
सुल्तानियां तालाब गहरीकरण अभियान का श्रमदान कर शुभारंभ करते अतिथि।