सिंगर मक्खन ढिल्लों से चंडीगढ़ में हुई एक मुलाकात में पैशन और प्रोफेशन को लेकर बात हुई।
सिटी रिपोर्टर | चंडीगढ़
म्यूजिक मेरा पैशन तो था ही लेकिन मैं इसे अपना प्रोफेशन भी बनाना चाहता था। लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। क्योंकि जब इस चाह को पूरी करने की बारी आई तो सोचा प्रोफेशन के लिए ज्यादा इनकम जरूरी है। ऐसे में गाना मुझे रिस्क ही लगा। क्या पता गाना चले या न चले। फिर मैंने म्यूजिक को पैशन ही रहने दिया और जॉब करने लगा। यह है मक्खन ढिल्लों, जो अमृतसर से हैं। चंडीगढ़ में उनसे हुई मुलाकात में उनके पैशन और प्रोफेशन के बारे में बात हुई। बताते हैं- बहन नवजोत कौर से मैं गाने के लिए प्रेरित हुआ। क्योंकि उनको अक्सर घर पर गाते सुनता। उन्होंने म्यूजिक सीखा भी है और जब मैंने भी गाना शुरू किया तो वह मुझे हमेशा गाइड करती। यह बात तब की है जब मैं 15 साल का था। जब पैशन को प्रोफेशन बनाने का ख्याल छोड़ा तो जॉब करने लगा। लेकिन गाना और रियाज करना नहीं छोड़ा। 2015 की बात है दोस्तों के बीच बैठा था तो उन्होंने गाने के लिए कह दिया। एक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। फिर क्या था इसके जरिए मुझे गाने का मौका मिल गया।
अपने जैसे लोगों को करता हूं मोटिवेट
मेरी हाइट 4.5 इंच है। पहले कम हाइट की वजह से मैं बाहर जाने से घबराता था। मन में सवाल उठते कि लोग क्या कहेंगे, मजाक बनाएंगे। लेकिन कुछ समय लगा अगर ऐसा ही चलता रहा तो आगे कैसे बढ़ूंगा। इसके बाद मैं परवाह किए बिना घर से बाहर निकला। अब मैं गाता भी हूं और लिखता भी। सोचा अपनी इस कला के जरिए मेरे जैसे लोगों को मोटिवेट करूं।
जब सलमान खान ने सुना मेरा गाना
मैं चार साल से बीइंग ह्यूमन के अमृतसर स्टोर में फैशन कंसलटेंट के तौर पर काम कर रहा हूं। एक बार हमें मुंबई लेकर गए। वहां सलमान खान से मुलाकात हुई। उनका ध्यान मेरी तरफ आया और बोले- सरदार जी कैसे हो। इसके बाद मैंने उन्हें गाना सुनाया। मेरा गाना सुनकर वह न केवल खुश हुए बल्कि उन्होंने यह वीडियो भी मांगी।