सफाई में चंडीगढ़ नंबर तीसरे पर है। इसे पहले नंबर पर लाने के लिए हमें अपनी जिम्मेदारी ओर समझनी होगी। लेकिन शहर को साफ रखने के लिए हमें खुद भी स्वस्थ रहना होगा। शहर के साथ-साथ हमारी जिम्मेदारी खुद की हाइजीन पर ध्यान देने की भी बनती है। यह कहा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता कौशल ने। मौका था 28 मई को मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे के मौके पर सेक्टर-39 के कम्युनिटी सेंटर में आयोजित एक अवेयरनेस सेशन का। यहां महिला स्वच्छता स्टाफ को सेनिटरी पैड्स दिए गए और साथ ही मेंस्ट्रुअल हाइजीन के बारे में बताया गया। डॉ. कौशल ने कहा- खराब लाइफस्टाइल की वजह से आजकल पीरियड्स अनियमित भी हो जाते हैं। ऐसे में हमें स्त्री रोग विशेषज्ञ से कंसल्ट करना चाहिए। दूसरा 40 साल की उम्र के बाद महिलाओं से संबंधित बीमारियों को गंभीरता से लेना चाहिए और रेगुलर चेकअप के लिए जाना चाहिए।
Awareness
मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे के उपलक्ष्य में सेक्टर-39 के कम्युनिटी सेंटर में आयोजित किया गया एक अवेयरनेस सेशन।
वुमनहुड को करें सेलिब्रेट
काउंसलर गुरबख्श रावत ने कहा- मेंस्ट्रुअल हाइजीन दिवस जैसे दिन उन मुद्दाें की तरफ ध्यान खींचते हैं जिनके बारे में अकसर चुप रहना बेहतर समझा जाता है। लेकिन इस संबंध में जागरूकता की कमी देश भर में लाखों महिलाओं के स्वास्थ्य पर असर डालती है। गुरबख्श ने कहा- हमें पीरियड्स आते हैं, इसलिए हमें शर्मसार होने की जरूरत नहीं। हमें वुमन हुड को सेलिब्रेट करना चाहिए। हम खुशनसीब हैं कि हमें जिंदगी देने के लिए इस धरती पर भेजा गया है। बोलीं- आपको कपड़ा छोड़कर सेनिटरी पैड्स का इस्तेमाल करना चाहिए।