कम वक्त में बड़ी बात कहती हैं शाॅर्ट फिल्में
कहानी वही होती है। फिर चाहे वो शाॅर्ट फिल्म हो या फीचर फिल्म। लेकिन इन्हें बनाना भी कोई आसान बात नहीं। इसमें हम कम वक्त में अपनी भावनाओं को व्यक्त कर पाते हैं। ताकि सोशल इंपेक्ट हो। वहीं फीचर फिल्म एंटरटेनमेंट के लिए बनाई जाती है। खासतौर पर कमर्शियल मकसद से। इसलिए इनमें एंटरटेनमेंट फैक्टर को बढ़ाया जाता है। इन शब्दों में डायरेक्टर ओजस्वी शर्मा ने शाॅर्ट व फीचर फिल्मों पर बात की। ओजस्वी को एंटरटेनमेंट दुनिया में जुड़े छह बरस हो गए हैं। बोले- अब पहले के मुताबिक बॉक्स ऑफिस क्लेक्शन बढ़ी है। साथ ही ऑडियंस का रिटेंशन रेट घटा है। इसके साथ फीचर फिल्मों की लेंथ कम हुई है, जो फिल्म पहले तीन घंटे की हुआ करती थी वो अब दो घंटे दस मिनट की हो गई है। यानि 50 मिनट कम। हालांकि फिल्म को शूट से कोई समझौता नहीं होता। लेकिन प्रोडक्शन होते हुए एडिट हो जाती है। ओजस्वी बोले- पहले के मुकाबले वर्क कल्चर में काफी फर्क आया है। काम करने के घंटे बढ़े हैं। ट्रैवलिंग बढ़ी है। इसके साथ ही लाइफ और बिजी हुई है। ऐसे में शाॅर्ट फिल्में कम वक्त में ज्यादा इफेक्टिव तरीके से बात करने का जरिया बनती हैं। इसलिए इनका चलन बढ़ा है। हालांकि शाॅर्ट फिल्में इंस्टीट्यूशनल एरिया में काफी बनती हैं। पर वह ठीक से ग्रो नहीं कर पाती। इसके दर्जनों कारण रहते हैं, जैसे किसी नामी बैनर, सेलिब्रिटी व स्टोरी टेलिंग माध्यम का न होना।
फिल्म-मेकर ओजस्वी शर्मा ने फिल्म-मेकिंग व शाॅर्ट फिल्म बनाने के बारे में बात की।
मैसेज देना मकसद नहीं
ओजस्वी कहते हैं- अबतक तकरीबन पंद्रह से ज्यादा शाॅर्ट फिल्में कर चुका हूं। इन्हें बनाने का कारण कोई मैसेज देना नहीं बल्कि उन सोसाइटी की उन चीजों का अहसास दिलाना है जिन पर हम अकसर गौर नहीं करते। फिल्म-मेकिंग से अपने भावों को व्यक्त करता हूं। अभी मैं अलग-अलग जोनर की छह फिल्मों पर काम कर रहा हूं। इनमें एक फुल लेंथ फीचर फिल्म भी है।
शाॅर्ट फिल्म बनाने का फायदा
एक्सपेरिमेंट ज्यादा कर सकते हैं। कम बजट में फिल्म बन जाती है। तेजी से वायरल हो सकती हैं। देखने के लिए पैसे नहीं खर्चने पड़ते। डिजिटल मीडियम तेजी से बढ़ रहा है। मुझे ऐसी फिल्में करने से सुकून मिलता है। यह जोनर है जिसमें मैं कंफर्टेबल रहता हूं। माना कि इसमें ज्यादा फायदा नहीं। रेवेन्यू का इतना बड़ा सोर्स नहीं है। पर इस तरह की मेकिंग फिल्म-मेकर को प्रेरित करती है।