बोहेमियन, पीकॉक थीम पर होम फर्निशिंग कलेक्शन
सिटिंग के लिए पीकॉक थीम, बेड शीट- कुशन कवर में ट्रॉपिकल पंच, स्कार्फ में सर्कस- बॉटेनिकल, एनिमल, स्ट्राइप प्रिंट, ड्रेस में रजवाड़ा और मुगल थीम। फर्निशिंग और अपैरल में इनके अलावा और भी थीम की कलेक्शन देखने को मिली सेक्टर-17 के होटल शिवालिक व्यू में। यहां बुधवार को नार्दन इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी मोहाली के टैक्सटाइल डिजाइन के फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स ने अपनी एनुअल डिजाइन कलेक्शन सुव्यान- 2018 शो में डिस्प्ले की। फैकल्टी मेंबर इंदीप ने इस शो के बारे में बताया- स्टूडेंट्स को कपड़े बनाने से लेकर प्रिंट, डिजाइन, एम्ब्रॉयडरी सभी के बारे में सिखाया जाता है। यह कपड़े पहनने और घर के लिए भी इस्तेमाल किए जाते है। इसके लिए 4 महीने के लिए इन्हें ट्रेनिंग पर भेजा गया। देश भर की कंपनियों में इन स्टूडेंट्स ने ट्रेनिंग ली और अपनी कलेक्शन बनाई। इस शो में 56 स्टॉल लगाए गए। शो में पांच कैटेगरी में अवॉर्ड भी दिए गए।
स्टॉल्स में कुल्लू पट्टी और फुलकारी वर्क
स्टॉल्स और शॉल पर कुल्लू पट्टी और फुलकारी। इस कलेक्शन को डिस्प्ले किया आईना ने। बताती हैं- शॉल और स्टॉल्स में कुल्लू पट्टी और फुलकारी का डिजाइन मैंने विविंग करके बनाया है। किसी में मैंने यह डिजाइन ऑल ओवर बनाया तो किसी में सिर्फ साइड में ही बनाया। ताकि वैरायटी मिल सके। कलर पेस्टल और डार्क है। इसके अलावा मैंने अंबी डिजाइन भी शॉल और स्टॉल्स में बनाया है।
ट्रॉपिकल पंच
गौरव भारद्वाज ने होम फर्निशिंग की कलेक्शन को डिस्प्ले किया। बताते हैं- मैंने तीन थीम को लेकर काम किया। इनमें एक थीम ट्रॉपिकल पंच है, जो यहां डिस्प्ले है। कलर्स मैंने पीच, लेमन, येलो- लाइट ग्रीन इस्तेमाल किया है। फैब्रिक कॉटन, नायलॉन है। कुशन कवर में मैंने फ्रूट एंड ड्रिंक्स को दिखाने के लिए कॉटन और बीड्स से एम्ब्रॉयडरी की है। कुछ कवर प्लेन भी है। ब्लैंकेट पर कॉटन के स्ट्राइप्स लगाए हैं। इसके अलावा ज्योमेट्रिकल और बोहेमियन थीम पर भी मैंने काम किया।
पीकॉक से इंस्पायर्ड
कमलप्रीत कौर ने भी तीन थीम पर काम किया। एक सिटिंग अरेंजमेंट को लेकर, दूसरा और तीसरा वुलन को लेकर। सिटिंग के लिए मैंने जो भी चीज इस्तेमाल कीं हैं, वह पीकॉक से इंस्पायर्ड हैं। बताती हैं- इसको लोन में रख सकते हैं। इसके ऊपरी हिस्से को मैंने मोर के पंखों से सजाया है उसे टोकरी से बनाया है। बाकी नेट लगा है। कुशन कवर में पीकॉक का प्रिंट है। इसके अलावा वुलन थीम पर मैंने खेस को बनाया है। वुलन में पोंचू मैंने ज्योमेट्रिकल पैटर्न में तैयार किया है।
प्रिंट एंड एम्ब्रॉयडरी
आफरीन ने स्कार्फ की कलेक्शन को डिस्प्ले किया है। बताती हैं- ज्यादातर प्रिंट्स ऐसे हैं, जिनमें एनिमल प्रिंट है। स्ट्राइप्स भी लगाए हैं। इनके अलावा कुछ स्कार्फ ऐसे भी है जिनमें प्रिंट के साथ एम्ब्रॉयडरी भी की है। किसी को डिफरेंट लुक देने के लिए लेस और टैसल भी लगाए गए हैं। फैब्रिक की बात करें तो यह कॉटन और वुलन है। कलर्स लाइट और डार्क है। इनको वेस्टर्न और इंडो वेस्टर्न ड्रेस के साथ कैरी कर सकते हैं।