- Hindi News
- National
- शिफ्टिंग के लिए शहर में अलग जगह मुहैया करवाए प्रशासन : हाॅर्स राइडिंग सोसायटी
शिफ्टिंग के लिए शहर में अलग जगह मुहैया करवाए प्रशासन : हाॅर्स राइडिंग सोसायटी
लेक क्लब में चल रही शहर की एकमात्र हाॅर्स राइडिंग सोसायटी शहर में किसी अन्य जगह जमीन मिलने पर ही यहां से शिफ्ट होगी। प्रशासन ने स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट को शहर में किसी अन्य जगह जमीन तलाश करने को कहा है। एसडीएम कोर्ट ने 20 दिन के भीतर सोसायटी को लेक क्लब से अपने हाॅर्स और अन्य सामान शिफ्ट करने को कहा था। इसके खिलाफ सोसायटी ने जिला अदालत में याचिका दायर की थी। सोसायटी यहां पर शहर के युवाओं को हाॅर्स राइडिंग की ट्रेनिंग मुहैया करा रही है। लेक क्लब में दो एकड़ से अधिक जगह सोसायटी को चंडीगढ़ स्पोर्ट्स काउंसिल ने मामूली लीज रेंट पर दी हुई है। लीज 2007 में समाप्त हो गई थी।
सोसायटी ने प्रशासन से मांग की है कि उसे शहर में किसी अन्य जगह 6 एकड़ जगह मुहैया कराई जाए। हाल ही में सेक्रेटरी स्पोर्ट्स बंसीलाल की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में सोसायटी के अनुरोध पर गौर करने के लिए बैठक हुई। इस बैठक में डायरेक्टर स्पोर्ट्स करनैल सिंह और हाॅर्स राइडर सोसायटी के पदाधिकारी शामिल हुए। सोसायटी को लेक क्लब में जगह मिली हुई थी। लीज 2007 में खत्म होने के बाद इसे रिन्यू भी नहीं किया गया। सोसायटी का लीज रेंट सिर्फ 1600 रुपए महीना था।
25 हॉर्स हैं...
सोसायटी के पास लेक क्लब में 25 हाॅर्स हैं। यह हाॅर्स और उनकी देखभाल करने वाले परमानेंट रूप से लेक क्लब में ही रहते हैं। लेक क्लब में स्विमिंग, टेनिस, आॅर्चरी और जिम्नेजियम की सुविधा भी मौजूद है। क्लब के कई मेंबर्स ने हाॅर्स राइडर सोसायटी को अलाॅटमेंट रद्द करने के बाद उन्हें यहां से शिफ्ट करने की मांग की थी। क्लब मेंबर्स का कहना था कि हाॅर्स होने के कारण यहां गंदगी का माहौल भी रहता है।
यंग अचीवर्स हैं क्लब में...
क्लब के सेक्रेटरी जेएस तूर के अनुसार हाॅर्स राइडर सोसायटी देश में सबसे कम फीस पर हाॅर्स राइडिंग की ट्रेनिंग देने वाली सोसायटी है। इसके कई ट्रेनी नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर हाॅर्स राइडिंग में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर चुके हैं। मौजूदा समय में सोसायटी के पास 25 हाॅर्स हैं। अपने ट्रेनियों से सोसायटी नाॅन-प्रॉफिट बेस पर मात्र 4100 रुपए महीना ले रही है। तूर के अनुसार उन्होंने प्रशासन से शहर में किसी अन्य जगह 6 एकड़ जगह देने को कहा है। प्रशासन को कहा गया है कि जब तक उन्हें कोई अन्य जगह न मिले सोसायटी को लेक क्लब से शिफ्ट न किया जाए। डायरेक्टर स्पोर्ट्स करनैल सिंह के अनुसार सोसायटी के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। नई जगह के बाद ही सोसायटी को यहां से शिफ्ट किया जाएगा