नेहा को हराकर टॉप सीड शगुनप्रीत क्वार्टर फाइनल में
चंडीगढ़. चंडीगढ़ बैडमिटन टूर्नामेंट के गर्ल्स सिंगल्स अंडर-13 में टॉप सीड शगुनप्रीत की जीत का क्रम जारी है। उन्होंने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-7 के बैडमिंटन कोर्ट पर खेले गए राउंड-16 मैच में उन्होंने नेहा को सीधे सेटों में हराकर बाहर कर दिया। शगुनप्रीत ने पहले ही सेट में तेज स्मैश लगाए और सेट को 21-5 से जीतकर खत्म कर दिया। दूसरे सेट में भी नेहा उनका सामना नहीं कर सकीं और शगुनप्रीत ने 21-7 से सेट अपने नाम करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सेकंड सीड रिजुल ने दमन को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। रिजुल ने पहले सेट को 21-6 से अपने नाम किया जबकि दूसरे सेट में रिजुल ने सिर्फ दो अंक गंवाए। इसके बाद उन्होंने 21-2 से सेट जीतकर मैच खत्म कर दिया। राइसा भनोट ने कीर्ति को 21-9, 21-2 से हराया जबकि अताल्या ने जसमीत को हराकर उलटफेर किया और 21-8, 21-4 से जीतकर मैच खत्म कर दिया। अन्य मुकाबलों में कनिष्का ने बानी को 21-1, 21-0 से हराया जबकि गुरमन्नत ने जसकमल को 21-9, 21-5 से हराया।
गर्ल्स सिंगल्स अंडर-13 के राउंड-16 में शगुन को 21-5, 21-7 से मिली जीत, सेकंड सीड रिजुल भी जीतीं
बॉयज में अभिरूप सीधे सेटों में जीते|बॉयज अंडर-13 में सेकंड सीड अभिरूप ने सीधे सेटों में जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अभिरूप ने काव्यम को 21-8, 21-6 से हराया। दोनों ही सेटों मेंं अभिरूप का ही दबादबा रहा और उन्होंने दोनों ही सेट में काव्यम को 10 का आंकड़ा नहीं छूने दिया। कृष्णा ने प्रबल पर 21-6, 21-13 से जीत हासिल की जबकि पीयूष चौहान ने आर्यमान पर 21-8, 21-7 से जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में स्थान बनाया। अन्य मुकाबलों में अश्विन ने लक्ष्य को 21-6, 21-8 से और वैभव मेहरा ने अतीक्ष को 21-4, 21-10 से हराकर बाहर किया।
गर्ल्स डबल्स में तनिषा और तिषा सीधे सेटों में जीतीं
गर्ल्स डबल्स अंडर-15 में तनीषा और तिषा की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दोनों का राउंड-16 में सामना काश्मी और श्रेया के साथ था। तनिषा और तिशा ने इस मैच को सीधे सेटों में 21-6, 21-2 से हराकर बाहर किया। दिक्षा और इकांकी को भी आसान जीत मिली और उन्होंने खवाइश अइौर रेजल भनोट को 21-9, 21-4 से हराकर बाहर कर दिया। कनिष्का और रिजुल ने अयाना और सानवी को 21-0, 21-0 से मात देकर अगले दौर में जगह बना ली। बॉयज अंडर-17 डबल्स में बकुल और पुष्कर ने आकाश और अर्श पर सीधे सेटों में 21-10, 21-7 से जीत दर्ज की जबकि दूसरे मैच में अनकरन और हर्ष को संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने समरवीर और शौर्य को 11-21, 21-8, 21-13 से हराया।