पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • डॉक्यूमेंट्स से छेड़छाड़ कर फोन फाइनेंस करवाने वाले गैंग के खिलाफ चालान पेश

डॉक्यूमेंट्स से छेड़छाड़ कर फोन फाइनेंस करवाने वाले गैंग के खिलाफ चालान पेश

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लोगों के पैन कार्ड और आधार से छेड़छाड़ कर महंगे मोबाइल फोन फाइनेंस करवाने वाले गैंग के 8 आरोपियों के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने जिला अदालत में चालान पेश कर दिया है। पुलिस ने इस केस में आशीष (25), विशाल सहगल(23), शक्ति सिंह (29), संजीव कुमार (44), अमित कुमार कटवाल (31), कपिल ढींगरा (24), बलदेव सिंह (38) और राजो (45) के खिलाफ चालान पेश किया है।

पुलिस ने इन सभी पर आईपीसी की धारा 467, 468, 471, 419, 420 और 120बी लगाई हैं। पुलिस ने 777 पेजों के इस चालान में कुल 37 लोगों को गवाह बनाया है। पुलिस के मुताबिक ये लोग बजाज फाइनेंस और अन्य कंपनियों के गुड पे मास्टर कस्टमर्स का डेटा चोरी कर उनके आधार से छेड़छाड़ कर महंगे मोबाइल फाइनेंस करवाते थे। ये लोग आधार पर अपनी फोटो लगाकर मोबाइल फोन फाइनेंस करवाते थे और फिर उन फोन को आगे बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक इन्होंने चंडीगढ़ के कई लोगों के आधार कार्ड के जरिए 60-65 हजार रुपए तक के मोबाइल भी फाइनेंस करवाए। पुलिस के मुताबिक इन्होंने 250 से ज्यादा कस्टमर्स के साथ इसी तरह धोखाधड़ी की। जिनके नाम पर ये मोबाइल फाइनेंस करवाते थे, उन्हें तब पता चलता था जब उनके अकाउंट से पैसे किस्त कट जाती थी।

साइबर क्राइम

मोबाइल मार्केट में बेचने गए तो पुलिस ने पकड़ लिया

पुलिस के मुताबिक उनके पास ऐसी ठगी की कई शिकायतें आ रही थीं। पुलिस को 21 जनवरी को सूचना मिली कि एक आरोपी फाइनेंस हुए मोबाइल को सेक्टर-22 की मार्केट में बेचने जाएगा। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने आशीष कुमार, विशाल सहगल, शक्ति सिंह और संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस को कई पैन कार्ड और आधार कार्ड मिले थे। इन डॉक्यूमेंट्स पर आरोपियों ने अपनी तस्वीरें लगा रखी थीं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया था। इस समय ये सभी आरोपी जेल में ही हैं।

खबरें और भी हैं...