भाजपा मुख्यालय घेरने जा रहे यूथ कांग्रेसियों पर पानी की बौछारें
चंडीगढ़ | केंद्र सरकार द्वारा एससी-बीसी विद्यार्थियों को मिलने वाली पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप का बकाया पैसा पंजाब सरकार को नहीं दिए जाने के विरोध में सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय का मंगलवार घेराव करने निकले पंजाब यूथ कांग्रेस के नेताओं और वर्करों को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 15 में वाटर केनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछारों से कई वर्करों की पगड़ियां उतर गईं। 44 नेताओं और वर्करों को गिरफ्तार करने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया। पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरप्रीत सिंह लाली ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार द्वारा बार-बार अपील किए जाने के बावजूद केंद्र सरकार बकाया राशि जारी नहीं कर रही। इस मौके पर कांग्रेस विधायक कुलबीर सिंह जीरा, वरिंदर सिंह पाहड़ा, दलबीर सिंह गोल्डी और मंत्री साधू सिंह धर्मसोत भी मौजूद थे।