कैप्टन सरकार ने जनता पर डाला अतिरिक्त भार: हरजीत सिंह ग्रेवाल
चंडीगढ़ | इनकम टैक्स अदा करने वाले पंजाब के लोगों पर 200 रुपए प्रतिमाह डेवलपमेंट टैक्स लगाने के साथ-साथ, पेट्रोल व डीजल पर दो प्रतिशत, गाड़ियों की रजिस्ट्रेशन पर एक प्रतिशत, ट्रांसपोर्ट व्हीकल पर 10 प्रतिशत तथा एक्साइज ड्यूटी पर 10 प्रतिशत सरचार्ज लगाकर पंजाब सरकार ने जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला है। यह आरोप भाजपा के प्रदेश उपप्रधान हरजीत सिंह ग्रेवाल और प्रदेश सचिव विनीत जोशी ने कैप्टन सरकार के 13 महीने का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए लगाए। दोनों नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने पहले से ही दुखी पंजाब की जनता पर ऐसा बोझ डाला है जो पहले 15 साल तक नहीं डाला गया। अब बिजली की दरें भी बढ़ाए जाने का कैप्टन सरकार ने निर्णय ले लिया है।