पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हरनूर सिंह के शतक ने संभाली चंडीगढ़ की पारी, रोपड़ स्ट्रॉन्ग

हरनूर सिंह के शतक ने संभाली चंडीगढ़ की पारी, रोपड़ स्ट्रॉन्ग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़ टीम के हरनूर ने बनाए 100 रन, अभी भी 186 रन दूर मेजबान

चंडीगढ़. पंजाब स्टेट अंडर-16 बॉयज इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट फॉर एमएल मरकन ट्रॉफी में चंडीगढ़ की हालत दूसरे दिन खराब रही लेकिन हरनूर सिंह पन्नू ने शानदार शतक लगाकर टीम को कुछ समय के लिए संभाला। टीम ने दूसरे दिन 185 रन के स्कोर पर अपने सात विकेट गंवा दिए। वहीं दूसरी ओर रोपड़ ने पहली पारी का अंत 371 रन पर किया। कप्तान मयंक ने 129 रन की पारी खेली। मेजबान चंडीगढ़ पहली पारी में अभी 186 रन पीछे है और वीरवार को मैच का अंतिम दिन है।

दूसरे दिन की शुरुआत में रोपड़ ने 4 विकेट पर 277 रन से आगे खेलना शुरू किया। नाबाद लौटे टीम के कप्तान मयंक गुप्ता ने तेजी के साथ रन बनाने शुरू किए। टीम का पांचवां विकेट जल्द गिर गया लेकिन इसके बाद भी मयंक ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा।

मयंक ने लोअर ऑर्डर के साथ बल्लेबाजी करते हुए पहले टीम को 300 के पार पहुंचाया और फिर शतक पूरा किया। रोपड़ ने पहली पारी का अंत 149.4 ओवरों के बाद 371 रन पर किया। मयंक गुप्ता ने 223 गेंदों पर 129 रन की पारी खेली। इसमें 18 चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनके साथ मिलिंद ने 22 और वंश ने 17 रन का योगदान दिया। चंडीगढ़ की ओर से अर्शनूर सिंह पन्नू ने सात बल्लेबाजों को चलता किया जबकि साहिल ने दो और हरनूर ने एक विकेट लिया।

रोपड़ ने 371 रन बनाए, चंडीगढ़ ने पहली पारी में 185 रन पर गंवाए 7 विकेट

चंडीगढ़ टीम ने की बेहद खराब शुरुआत

चंडीगढ़ क्रिकेट टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम का पहला विकेट 12 रन पर ही गिर गया। जश्न 6 रन बनाकर लौट गए जबकि हरनूर सिंह पन्नू ने दूसरा छोर बचाए रखा। उन्होंने एक छोर से रन बनाना जारी रखा लेकिन रोपड़ की टीम दूसरी ओर से विकेट गिराती रही। चंडीगढ़ ने 102 रन पर अपने चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद आलम ने हरनूर का साथ दिया और दोनों ने 55 रन जोड़े। हरनूर 100 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 141 गेंदों का सामना करते हुए 19 चौके लगाए। इसके बाद टीम को दस रन पर दो झटके लगे जबकि आलम बख्शी 36 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिन का खेल समाप्त होने तक चंडीगढ़ ने 185 रन पर सात विकेट गंवा दिए। रोपड़ के लिए अनुश ने दो जबकि युवराज, मिलिंद, अनीश और अर्शप्रीत ने एक एक विकेट लिया।

अमृतसर को ढेर कर मोहाली का कमबैक

सेक्टर-16 स्टेडियम में मोहाली की टीम ने पहली पारी 217 रन पर समाप्त करने के बाद दूसरे दिन कमबैक कर लिया। उन्होंने अमृतसर की टीम को 180 रन पर ढेर करते हुए पहली पारी में 37 रन की अहम लीड हासिल की। दिन की शुरुआत में अमृतसर ने एक विकेट पर 31 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम को हर्षदीप ने आते ही झटके देने शुरू कर दिए और उन्होंने 59 रन देकर सात बल्लेबाजों को चलता किया। अमृतसर की ओर से मनरूप सिंह ने 101 रन की नाबाद पारी जरूर खेली लेकिन वे अकेले टीम को पहली पारी की लीड नहीं दिला सके। उनके अलावा सुमितपाल ने 29 रन जोड़े। इसके बाद मोहाली ने बल्लेबाजी शुरू की लेकिन उन्होंने 104 रन तक अपने आठ बल्लेबाजों को गंवा दिया। अमृतसर के मनरूप, सागर और आकाशदीप ने दो-दो विकेट निकाले।

जसकरनबीर सिंह ने लगाया तिहरा शतक

लुधियाना ने अपने होम ग्राउंड पर जालंधर के खिलाफ 2 विकेट पर 315 रन से आगे खेलना शुरू किया। 184 रन पर पहले दिन नाबाद लौटे जसकरनबीर सिंह ने फिर रन बनाने शुरू किए और उन्होंने 464 गेंदों पर 304 रन की पारी खेली। इसमें 48 चौके और एक छक्का शामिल रहा। लुधियाना ने पहली पारी 520 रन पर समाप्त की। जालंधर की ओर से आर्यन अरोड़ा ने पांच जबकि रोहित कुमार ने तीन विकेट हासिल किए। जवाब में जालंधर ने 1 विकेट पर 62 रन बना लिए।

खबरें और भी हैं...