3 किलो चरस के साथ पकड़े दो लोगों को 10-10 साल कैद
चंडीगढ़। 3 किलो 09 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए दो लोगों को जिला अदालत ने 10-10 साल कैद की सजा सुनाई है। सजा पाने वाले मौसमदीन (28) और दीदार (20) हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। दोनों को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने 12 अक्टूबर 2016 को गिरफ्तार किया था। इन पर कोर्ट ने 1-1 लाख रुपए जुर्माना भी लगाया है। दोनों को एनसीबी ने उस समय गिरफ्तार किया था, जब वे पिकअप गाड़ी में चरस ले जा रहे थे। इन्होंने चरस को सब्जियों के बीच में छिपाया हुआ था। एनसीबी को सूचना मिलने पर उनकी गाड़ी को सेक्टर-26/7 डिवाइडिंग रोड पर रोककर उन्हें गिरफ्तार किया गया। एनसीबी के मुताबिक ये लोग कई महीनों से ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे। ये लोग चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और होशियारपुर में ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे।