पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ओटीपी और ओएसपी नंबर का मैसेज आए बिना ही सैलरी अकाउंट से बिहार में हैकर्स ने निकाले सवा लाख

ओटीपी और ओएसपी नंबर का मैसेज आए बिना ही सैलरी अकाउंट से बिहार में हैकर्स ने निकाले सवा लाख

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक फार्मा कंपनी में क्वालिटी कंट्रोल हेड सुरेश कुमार का एसबीआई सेक्टर-35 में सैलरी अकाउंट है। गत 27 अप्रैल की रात को उनके अकाउंट से पटना के मीठापुर से किसी हैकर ने 1.25 लाख रुपए निकाल लिए। सुरेश कुमार बताते हैं कि मामले में बड़ी बात यह रही कि उनके खाते से ट्रांजेक्शन हुई इसके बारे में उन्हें कोई ओटीपी नंबर तक नहीं आया।

बीते दिनों जब उनका मोटरसाइकिल खराब हो गया तो वे उसे ठीक कराने गए और जब पेमेंट करने लगे तो खाते में 356 रुपए ही बाकी थे। सुरेश कुमार बताते हैं कि इसके पहले उनके खाते से 40 हजार रुपए किसी दूसरे के खाते में ट्रांसफर हुए हैं। जब पैसा ट्रांसफर होता है तो मोबाइल पर ओटीपी या ओएसपी नंबर आता है। लेकिन उनके पास कुछ नहीं आया। इसके बाद 15 हजार रुपए और फिर 30 हजार रुपए और आखिरी ट्रांजेक्शन 40 हजार रुपए की एटीएम से हुई। बैंक को शिकायत की तो उन्होंने बताया कि उनका पैसा बिहार के मीठापुर से किसी ने निकाला है।

ब्रांच मैनेजर ने कहा कि पहले शिकायत साइबर सेल में दो फिर हमारे पास आओ। सुरेश कुमार साइबर सेल में गए तो वहां कहा गया कि एसएसपी विंडो पर शिकायत दे दो वहां से हमें मार्क होकर आ जाएगी। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में बैंकिंग लोकपाल को भी दी।

सीधी बात

डीके कठपालिया, डीजीएम, पीआर, एसबीआई

कस्टमर के खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन बिना ओटीपी या ओएसपी नंबर के बिना भी पैसे कैसे गायब हो रहे हैं?

- बिना ओटीपी या ओएसपी नंबर के किसी भी कस्टमर के अकाउंट से पैसे नहीं निकल सकते। संभवत: हैकर पैसा निकालने का कोई और तरीका अपना रहे हैं। टेक्नीकल टीम इसका पता लगा रही है। अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है।

क्या पैसा वापिस लौटाया जाएगा

- जांच में बैंक की गलती पाई गई तो कस्टमर को पूरा पैसा लौटाया जाता है। कस्टमर किसी भी फेक कॉल पर अपनी बैंक अकाउंट संबंधी कोई भी जानकारी शेयर न करें।

मनोज तिवारी

साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक...

किसी ने फर्जी फोन कॉल करके आपसे एटीएम का पासवर्ड मांगा हो और आपने वह दे दिया, उससे भी आपके अकाउंट से पैसे निकाले जा सकते हैं। ऐसा फ्रॉड आजकल बढ़ रहा है।

हालांकि इस तरह का फ्रॉड स्किमर के जरिए ज्यादा हो रहा है। स्किमर एक ऐसा डिवाइस है, जो एटीएम में कार्ड डालने की जगह फिट किया जाता है। इसके जरिए आपके एटीएम कार्ड का मैगनेटिक डाटा स्किमर में छप जाता है, और फिर उसी के जरिए डुप्लीकेट कार्ड बनाया जाता है। इसे बहुत सफाई से कार्ड की जगह पर फिक्स किया जाता है।

इसके अलावा ड्राई ग्लू एक ऐसा ग्लू है, जिसे मशीन के की पैड के ऊपर लगाया जाता है, ताकि कई बार कोशिश करने पर भी आप पैसे ना निकाल पाएं, और ठीक आपके पीछे आप पर नजर रख रहा अपराधी ग्लू हटाकर आपके प्रोसेस किए ट्रांजेक्शन से पैसे निकाल लेता है।

तीसरी तकनीक है वेब कैमरे की, जो मशीन के ठीक ऊपर की तरफ लगाया जाता है ताकि आपके कार्ड और पिन नंबर को हूबहू कैमरे में कैद करके डुप्लीकेट कार्ड बनाया जाएं।

ये सावधानियां रखकर आप एटीएम के इस तरह के फ्रॉड से बच सकते हैं

एटीएम में जाते समय इस बात को भी जांचे कि मशीन के की पैड पर कोई ग्लू जैसी चीज तो नहीं है, साथ ही देखें कि मशीन के आसपास कोई कैमरा तो नहीं लगा हुआ है।

आपके एटीएम में ट्रांजेक्शन के समय कोई आपके पीछे खड़ा तो नहीं, ये जरूर देख लें। अगर ऐसा है तो उन्हें बाहर रुकने को कहें।

इसके अलावा अगर आपके पास बैंक से कॉल आए और आपके एटीएम पासवर्ड से जुड़ी जानकारी मांगे तो बिल्कुल भी ना दें। नियमों के मुताबिक कोई भी बैंक आपके एटीएम का पिन नंबर नहीं मांग सकता है।

खबरें और भी हैं...