चंडीगढ़ | बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन गुट के काउंसलर रविकांत शर्मा ने शनिवार को सेक्टर-22 में अंडरग्राउंड बने गारबेज बिन का उद्घाटन निगम कमिश्नर जितेंद्र यादव से करवाया। पार्टी के मेयर देवेश मोदगिल को चीफ गेस्ट बनाना तो दूर रहा बल्कि उन्हें फंक्शन की भनक नहीं होने दी। मोदगिल ने पिछले साल अक्टूबर में डोर टू डोर गारबेज सेग्रिगेशन करने के फंक्शन का उद्घाटन निगम कमिश्नर बी पुरुषार्थ से करवा लिया था। लेकिन तत्कालीन मेयर आशा जसवाल को नहीं बुलाया था। इस मामले को बीजेपी काउंसलर ने एक-एक करके निगम हाउस में उठाया था। इस संबंधी लेटर पर 13 बीजेपी काउंसलर ने साइन किए। मोदगिल की शिकायत पार्टी हाईकमान पंजाब एवं चंडीगढ़ प्रभारी प्रभात झा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से की थी।
इस साल मेयर कैंडीडेट बनने में मोदगिल के लिए यह मुद्दा बड़ा रोड़ा बना था। टंडन गुट देवेश को मेयर कैंडीडेट मानने को तैयार नहीं था, जबकि आशा जसवाल ने बगावत करके पार्टी घोषित कैंडीडेट देवेश के खिलाफ नामांकन भर दिया। इसपर 7 जनवरी को देवेश से लिखित में जसवाल के लिए मांगी मंगवाई गई। कहलवाया गया कि मैंने मेयर को अपने वार्ड के कार्यक्रमों से दूर रखा। इसके लिए माफी मांगता हूं। अब वही मामला बीजेपी के वार्ड नंबर 3 के काउंसलर रविकांत शर्मा ने दोहरा दिया। अब देखते हैं उनकी शिकायत कौन करेगा।