पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पार्टी छोड़ने पर शत्रुघ्न ‘खामोश’ यशवंत ने कहा, मुद्दा मोदी नहीं, सरकार की पॉलिसी

पार्टी छोड़ने पर शत्रुघ्न ‘खामोश’ यशवंत ने कहा, मुद्दा मोदी नहीं, सरकार की पॉलिसी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वर्तमान मोदी सरकार लोकसभा चुनाव से पहले देश के लोगों से बड़े वादे कर सत्ता में आई थी, लेकिन वादे मात्र जुमले बन कर रह गए हैं। देश में पिछले पांच सालों में सरकार ने क्या काम किए? इस का फैसला अब 2019 के चुनावों में होगा। देश की जनता सरकार से पूछेगी कि आप ने क्या वादा किया था और क्या दिया। वर्तमान सरकार वन मैन शो और टू मेन आर्मी के रूप में काम कर रही है। यह बात पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री व सांसद यशवंत सिन्हा ने रविवार को चंडीगढ़ दौरे के दौरान प्रेस क्लब में कही। उनके साथ आए मेंबर ऑफ पार्लियामेंट शत्रुघ्न सिन्हा से जब पूछा गया कि बीजेपी ने उन्हें अधर में लटकाया हुआ है, आपने क्या तय किया है? आप अगला चुनाव बीजेपी के साथ लड़ेंगे या अपनी राह अलग से तय करेंगे? तो उन्होंने कहा मैंने यह नहीं कहा है कि मुझे अधर में लटका रखा है। कुछ भी हो सकता है। फैसला करना मेरे हाथ में होता तो आज जो कर्नाटक में नाटक हुआ है वह नहीं होता। कर्नाटक में यह संकट आता ही नहीं, दुनिया के सामने जग हंसाई नहीं होती, लेकिन मैं यह स्पष्ट करता हूं कि 2019 में लोकेशन वही होगी, सिचुएशन चाहे जो भी हो।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि सरकार के झूठे वादों से तंग आकर और पार्टी में अपनी बात कहने के अधिकार छीनने पर पार्टी से नाता तोड़ा है। देश की राजनीति करवट ले रही है और आने वाले समय में इसके परिणाम देखने को मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि उन्होंने शत्रुघन सिन्हा, हरमोहन धवन व अन्य नेताओं के साथ 30 जनवरी को दिल्ली में बैठक कर राष्ट्रीय मंच का गठन देश में अच्छे के लिए आंदोलन चलाने के लिए किया था। आज देश के सामने कई मुद्दे हैं और इन मुद्दों से देश की जनता को समाधान दिलाने की जरूरत है। देश की राजनीति को सही दिशा में डालने के लिए इस आंदोलन को शुरू किया है। इसमें कोई भी आ सकता है देश काे सही दिशा देने के लिए।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि आंदोलन किसी पार्टी के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी नहीं है, मोदी सरकार है। आज पार्टी वाजपेयी की नीतियों से भटक गई है। वहीं शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मैंने तो भाजपा के लिए काम किया है लेकिन इस पार्टी के नेताओं को सच सुनना पसंद नहीं है। मैं तो अटल, आडवाणी के समय से काम करता आ रहा हूं और अब मुझे इग्नोर किया जा रहा है।

10 जून से किसान मार्केट में नहीं बेचेंगे अपने उत्पाद: यशवंत सिन्हा ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते 120 किसान संगठनों ने फैसला किया है कि एक से 10 जून देश की किसी भी मार्केट, मंडी में अपने उत्पाद नहीं बेचेंगे और न ही खरीदेंगे। मध्य प्रदेश के किसान इस पहल को सबसे शुरू करने जा रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि आज देश में इमरजेंसी स्लो पॉइजन की तरह काम कर रही है। प्रजातंत्र खतरे में है। प्रजातंत्र एक बार खत्म हो गया तो बहुत बड़ी मुश्किल खड़ी हो सकती है।

धवन बोले, अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को स्पोर्ट नहीं करूंगा

पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ खड़े नहीं होंगे। धवन ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने 60 वादे किए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। इसी कारण वे भाजपा को समर्थन नहीं देंगे। धवन ने कहा कि उनकी पहचान किसी पार्टी नहीं बल्कि उनके शहरवासियों के लिए किए कामों से हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा...

सच को सच कहना गलत है तो मैं बागी...

शत्रुघ्न ने कहा कि सच को सच कहना गलत है तो मैं कहता हूं हम भी बागी हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मैं तो जनता के साथ हूं और सच को बोलने वाला। एक सवाल के जवाब में यशवंत सिन्हा ने कहा कि मैं 25 साल से पार्टी के साथ जुड़ा था और इस दौरान काम करने में कोई परेशानी नहीं आई, लेकिन अब तो मोदी सरकार में काम करना तो दूर बोलने की आजादी तक नहीं है। इस घुटन भरे माहौल में रहने से अच्छा था इससे बाहर निकलकर काम करना। उन्होंने कहा कि पार्टी में दो लोगों की सरकार है और किसी को कुछ बोलने की आजादी नहीं है। बाकी लोग तो कठपुतली बन कर काम कर रहे हैं। उन्होंने मोदी सरकार पर कटाक्ष किए और कहा कि उनके राष्ट्रीय मंच में कोई दलगत राजनीति नहीं होगी और न ही किसी दूसरे दल में जाएंगे। देश हित के लिए अपनी बात को रखेंगे। कर्नाटक मामले पर सिन्हा ने कहा कि सरकार के पास बहुमत न होने पर भी सरकार बनाने की जिद में मुंह की खाकर अपनी किरकिरी ही नहीं करवाई, बल्कि पार्टी की छवि को धूमिल किया।

यशवंत सिन्हा...

नोटबंदी और जीएसटी का विरोध करते हैं...

नोटबंदी ने देश के लाखों लोगों को बेरोजगार कर दिया और ऊपर से जीएसटी को लागू कर नीम पर करेला की कहावत को साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि मलेशिया जीएसटी को खत्म करने की योजना बना रहा है और हम साल के 365 दिनों में 357 बार संशोधन कर चुके हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में यशवंत सिन्हा ने कहा कि देश में लीडर बनते नहीं हैं उभरते हैं। समय आने पर देश में वर्तमान नेता को टक्कर देने वाला लीडर भी सामने आएगा। उन्होंने कहा कि आज देश में मोदी कोई मुद्दा नहीं, मुद्दे तो मुद्दे हैं जिनका समाधान देश की जनता मांग रही है। अब देश में मुद्दों की राजनीति होगी। उन्होंने एक अन्य सवाल के उत्तर में कहा कि मोदी को पाक ने बेवकूफ बनाया है और मोदी उन्हें मौके देते गए। अटल ने जो सियाचिन में अपने कार्यकाल में जो किया था वह आज करने की जरूरत है। आज देश में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को दबाने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा का वोट प्रतिशत 31 फीसदी था जबकि देश में विपक्षी पार्टियों का वोट प्रतिशत 69 प्रतिशत था। भाजपा को अपनी नीतियों को जल्द बदलना होगा, वरना विपक्ष हावी हो सकता है।

खबरें और भी हैं...