पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हिन्दी कविताओं ‘आज बहुत दिनों बाद’ और ‘दूब’ का किया पाठ

हिन्दी कविताओं ‘आज बहुत दिनों बाद’ और ‘दूब’ का किया पाठ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंडीगढ़| साहित्यिक विचार मंच द्वारा उत्तम रेस्टोरेंट, सेक्टर 46सी, चंडीगढ़ में मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता हिन्दी के वरिष्ठ उपन्यासकार प्रो. ओम प्रकाश सोंधी ने की तथा प्रसिद्ध रंगकर्मी तथा हिन्दी साहित्यकार विजय कपूर ने गोष्ठी का संचालन किया। सर्वप्रथम युवा कवि अजय सिंह राणा ‘असर’ ने हिन्दी कविताओं ‘आज बहुत दिनों बाद’ तथा ‘दूब’ का पाठ किया। रचनाओं को सभी ने पसंद किया। इसके बाद राजेश ‘पंकज’ ने हिन्दी कविता ‘मैं और वह’ का पाठ किया। इस रचना की भरपूर प्रशंसा हुई।

पंजाबी कवि सुखविन्दर मान ने पंजाबी कविताओं ‘मां दी चहाड़’, ‘पार्कां दा वी है अजब नजारा’ तथा ‘मेरे यारा’ का पाठ किया। उनकी रचनाओं की सराहना हुई तथा कला पक्ष पर कुछ सुझाव भी दिए। पंजाबी साहित्यकार सुभाष शर्मा ने विजय कपूर की क्षणिकाओं के पंजाबी रूपांतर ‘शब्दां दी गूंज’, ‘प्रभु कहाया’ तथा ‘किस तरह सड़क उसदे घर रुकी होवेगी’ का पाठ किया। जिसे सभी ने खूब सराहा। हिन्दी कथाकार अनन्त शर्मा ‘अनन्त’ ने हिन्दी कविता ‘अमीर गरीब होती हैं। फाइलें’ द्वारा दफ्तरी व्यवस्था पर तीखा कटाक्ष किया। वरिष्ठ साहित्यकार एवं आलोचक डाॅ. कैलाश आहलुवालिया ने क्षणिकाओं ‘हिसाब किताब कर दिया हमने’, ‘हमें तो भरोसा था तुम्हारी दुआओं का’ तथा ‘टुकड़ा-टुकड़ा जिन्दगी कटती का पाठ करके सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सतीश पापुलर ने हास्य कविताओं द्वारा सबको ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। उर्दू शायर केके नंदा ‘अश्क’ ने ग़ज़ल तथा कविता ‘पुर्जे मेरी रचनाओं के’ का पाठ करके खूब दाद पाई। इसके बाद उन्होंने कहानी ‘काबलियत’ का पाठ किया, जिसकी भरपूर प्रशंसा भी हुई। प्रसिद्ध रंगकर्मी तथा हिन्दी साहित्यकार विजय कपूर ने क्षणिकाओं ‘तुम्हारी सोच के आर-पार’, ‘उसी सा’, ‘भाग और भाग’ तथा हिन्दी कहानी ‘काला छाता’ का पाठ कर खूब वाहवाही लूटी। कहानी पर भरपूर चर्चा भी हुई। गोष्ठी के अध्यक्ष हिन्दी के वरिष्ठ उपन्यासकार प्रो ओम प्रकाश सोंधी ने गोष्ठी में आए सभी साहित्यकारों के योगदान की सराहना की तथा प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपने विचार रखे तथा उत्तम रेस्टोरेंट के बलविन्दर सिंह का आभार व्यक्त किया।

खबरें और भी हैं...