2 मिलरों पर एफआईआर, 3 पनसप मुलाजिम सस्पेंड
चंडीगढ़ | फूड एंड सप्लाई मिनिस्टर भारत भूषण आशु ने धान के स्टॉक में करीब 12 करोड़ रुपए के गबन के मामले में दो मिलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं और लापरवाही के लिए पनसप के तीन अफसरों को सस्पेंड कर दिया है।
पनसप के फरीदकोट-श्री मुक्तसर साहिब जिला इंचार्ज अमृतपाल सिंह, पीडीसी फरीदकोट हंसा सिंह और इंस्पेक्टर मलोट गुरदीप सिंह को सस्पेंड किया गया है। मलकीयत सिंह की एवरेस्ट राइस इंडस्ट्रीज फरीदकोट और राजवीर सिंह व सतवीर शर्मा की मैसर्ज अमाईरा फूड्स प्राईवेट लिमिटेड लंबी में रखे गए धान के स्टॉक कम पाए गए। इनकी कीमत तकरीबन 7.20 करोड़ रुपए और तकरीबन 4.72 करोड़ बनती है। इस गबन का पता जीएम ( प्रिक्योरमेंट) के नेतृत्व में टीम ने अचानक चैकिंग के दौरान लगाया।
नुकसान की भरपाई के लिए कार्रवाई शुरू : नुकसान की भरपाई के लिए मिलरों के चेक क्लीयरेंस के लिए बैंकों को दे दिए गए हैं। पनसप के हितों की रक्षा के लिए तकरीबन 8 करोड़ की संपत्ति पर निशानदेही करके रकम की वसूली संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
धान के स्टॉक में 12 करोड़ का गबन